#पंजाब: अमीर बनने को 12वीं के बाद बनाया गैंग, 90 दिनों में कीं 45 वारदातें, 4 दोस्त अरेस्ट
लुधियाना.बारहवीं करने के बाद जल्द अमीर बनने के लिए चार दोस्तों ने गैंग बनाकर लूटपाट करनी शुरू कर दी। पकड़े जाने के बाद जेल में बंद लुटेरों ने जेल से करीब 3 महीने पहले छूटते ही दो अन्य साथियों को मिलाकर नया गैंग बना लिया इसके बाद लुटेरों ने 90 दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में 45 के करीब वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों द्वारा की गई वारदातों के 18 मामले अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज हैं। 23 अक्टूबर को बस्ती जोधेवाल में मनी एक्सचेंजर से दो लाख 20 हजार की लूट में मिली सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश में थी।

सीआईए-2 की पुलिस ने रेड कर आरोपियों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब आरोपी बस्ती जोधेवाल के इलाके में फिर से वारदात करने की फिराक में थे। पुलिस ने गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो लुटेरे फरार हो गए। पूछताछ में आरोपियों ने मनी एक्सचेंजर के साथ लूटपाट करने की बात को माना और साथ में 45 वारदातों करने की बात भी कबूल की। इन लोगों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पकड़े गए लुटेरों में गैंग लीडर अर्जुन शर्मा ईडब्लयूएस कॉलोनी, लवदीप सिंह उर्फ दीपू ताजपुर रोड भोला कॉलोनी, बलजिंदर सिंह उर्फ रॉकी आनंदपुरी, लवजोत सिंह उर्फ भोला धर्म कांटा ताजपुर रोड का रहने वाला है। फरार आरोपी राहुल एलआईजी फ्लैट्स नूरवाला रोड का रहने वाला आशु शर्मा है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की करीब 3 लाख रुपए की 7 मोटरसाइकिलें, 80 हजार रुपए की नकदी, 15 मोबाइल, एक खिलौना पिस्तौल, दो दातर, एक डंडा बरामद किया है।
ब्रांडेड कपड़े और बढ़िया खानपान को करते थे लूट
पूछताछ के दौरान आरेापियों ने बताया कि सभी बारहवीं तक पास हैं और मौज मस्ती करने के लिए ही वारदातों को अंजाम देते हैं। ब्रांडेड कपड़े बढ़िया खानपान के लिए पैसे इकट्ठे करते थे। छीने गए मोबाइल मोटरसाइकिल बेच कर पैसे आपस में बांट लेते थे। आरोपी अर्जुन शर्मा गैंग लीडर है। आरोपी लवदीप सिंह के खिलाफ लूटपाट के दो मामले दर्ज हैं। आरोपी बलजिंदर सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने अन्य के खिलाफ हार्ड क्राइम मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 7 में 6, थाना मोती नगर में 7, थाना डिवीजन नंबर 3 के इलाके में 3 बस्ती जोधेवाल के इलाके में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कैलाश नगर चौक में मेरा मौर्य मनी एक्सचेंजर नाम से ऑफिस है, जहां से यूपी बिहार में पैसे भेजे जाते हैं। 23 अक्टूबर की रात को मैं 10 बज कर 10 मिनट पर दुकान से निकला था। लक्ष्मी चौक के निकट एक सुनसान गली में पहुंचा ही था कि दो मोटरसाइकिल सवार मेेरे आगे आकर रुके और बोले कि ओए तैनूं मोटर साइकिल नहीं चलाना आऊंदा। पलक झपकते ही दो अन्य मोटरसाइकिल सवार भी पहुंच गए। जिन्होंने आते ही मारपीट शुरू की और दो मिनट में बैग लेकर फरार हो गए। मैं वहां बेहोशी की हालत में लेटा रहा। किसी जानकार ने आकर उठाया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज मोटरसाइकिल नंबर बरामद किया।
इसे भी देखें:- आम जनता को जोर का झटका, 93 रुपए महंगा हुआ गैस सिलिंडर, पढ़े क्या है? पूरी खबर…
जैसा मौर्य मनी एक्सचेंजर के मालिक लाल बहादुर ने बताया
एडीसीपी क्राइम सतनाम सिंह ने बताया कि उक्त गैंग ने 23 अक्टूबर को बस्ती जोधेवाल के कैलाश नगर में रात को दुकान बंद कर घर जा रहे एक्टिवा सवार युवक से 2 लाख 20 हजार रुपए की नकदी वाला बैग छीना था। थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीआईए-2 इंचार्ज प्रेम सिंह की टीम ने जांच शुरू की तो कई सुराग मिले। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनके पास 7 मोटरसाइकिल हैं। एक मोटरसाइकिल पर दो लोग रेकी करते थे और दो मोटरसाइकिलों पर सवार लोग वारदात को अंजाम देते थे। हर वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल बदल लेते थे और वारदात को अंजाम देकर मोटरसाइकिल किसी किसी साथी के घर में छुपा देते थे। रात को आने जाने वाले लोगों को खिलौना पिस्तौल दिखा कर डराते थे और विरोध करने पर तेजधार हथियारों से हमला कर देते थे।
आरोपियों के फरार साथियों गैंग के अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर जांच की जा रही है। आरोपियों से कई वारदातें हल होने की संभावना है। आरोपियों ने जिन लोगों को मोबाइल बेचे हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
-सतनामसिंह, एडीसीपी क्राइम





