पंजाब: स्टूडेंट ने 3 दिन पहले पीटा था, अब गाली देने से रोका तो डंडों से फोड़ा दिया सिर
लुधियाना.शहर की घनी आबादी वाले इलाके ब्राउन रोड स्थित सेंट थॉमस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं में पढ़ने वाले स्टूडेंट ने क्लास में गालियां निकाल रहे दूसरे स्टूडेंट को रोका। गालियां निकालने वाले ने शनिवार को छुट्टी के बाद स्कूल के बाहर स्टूडेंट को घेर लिया और डंडों से जमकर पीटा। इससे स्टूडेंट का सिर फट गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। जख्मी स्टूडेंट का नाम भव्य गर्ग है, वह हरचरण नगर का रहने वाला है। राहगीरों ने किसी तरह मारपीट कर रहे स्टूडेंट को रोक भव्य को इलाज के लिए सीएमसी पहुंचाया। जब मारपीट हो रही थी, किसी ने सारी घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

ये था मामला…
– देर शाम यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
– कृष्ण गर्ग के अनुसार उनके बेटे भव्य ने उन्हें बताया कि उसे पीटने वाला स्टूडेंट क्लास में गाली-गलौज कर रहा था।
– उसने ऐतराज जताया तो वह चुप हो गया। छुट्टी होने के बाद वह बाहर निकला तो स्टूडेंट ने साथियों के साथ गेट पर ही उसे घेर कर गालियां निकालनी शुरू कर दीं।
– उसने रोका तो उसे डंडे से बुरी तरह पीटा। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया और उसके घरवालों को जानकारी दी।
4 दिन पहले भी पीटा, डर के कारण नहीं दी कंप्लेंट
– भव्य के अनुसार उससे मारपीट करने वाला स्टूडेंट अक्सर क्लास में गुंडागर्दी करता है। उस स्टूडेंट ने अपना पूरा गैंग बना रखा है।
– अगर कोई उसके खिलाफ बोलता है या शिकायत करता है तो उसे छुट्टी के बाद जमकर पीटा जाता है।
– चार दिन पहले भी वह क्लास में गालियां निकाल रहा था तो उसने टोक दिया।
– उस दिन भी उसे स्कूल के बाहर पीटा गया, लेकिन डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
कल फिर होगा स्टूडेंट का सिटी स्कैन
– कृष्ण गर्ग ने बताया कि उन्हें करीब एक बजे स्कूल से फोन आया कि भव्य को चोट लगी है, वह सीएमसी हॉस्पिटल में भर्ती है।
– वहां जाकर पता चला कि उससे मारपीट की गई है। स्कूल गए तो वहां पियन ने कहा कि सोमवार आना, प्रिंसिपल नहीं है।
– उन्होंने बताया कि सीएमसी से भव्य की छुट्टी करवा ली है। डॉक्टर ने कहा है कि सोमवार सिर का दोबारा सीटी स्कैन करवाया जाएगा।
बयान लेकर करेंगे कार्रवाई
स्टूडेंट के पेरेंट्स ने कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। सीएमसी हॉस्पिटल की ओर से रुक्का आने पर बयान लेने के लिए जांच अफसर को भेजा था, लेकिन घरवाले बच्चे को छुट्टी करवाकर ले गए। स्टूडेंट का एड्रेस निकलवा उसके घर जाकर बयान लेने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
-अशोक कुमार, एसएचओ डिवीजन नंबर दो
जल्द एक्शन लिया जाएगा
छुट्टी होने के बाद स्कूल के बाहर मारपीट हुई है। भव्य के घरवाले आए थे, लेकिन मैं स्कूल में नहीं था। पियन ने उन्हें सोमवार आने के लिए कहा है। इसमें कानूनी कार्रवाई तो पुलिस करेगी। अगर भव्य के पेरेंट्स मुझे शिकायत देंगे तो डिसीप्लीनरी कार्रवाई की जाएगी। – सैमुअल, प्रिंसिपल, सेंट थॉमस स्कूल





