MP सर्वे: प्रदेश में 4 गुना बढ़ा मोटापा, 10 साल में दोगुने हो गए डायबिटीज के मरीज
इंदौर.नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (एनएफएचएस-4) की रिपोर्ट आने के साल भर बाद भी सरकार ने आंकड़ों का विश्लेषण कर डायबिटीज, ब्लडप्रेशर जैसे गैर संक्रामक रोगों के बेकाबू होते हालात और उसके कारणों को न तो जानने की कोशिश की, ना ही इस दिशा में लोगों को आगाह करने में रुचि दिखाई। वहीं इन बीमारियों पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम उठाएं।

– जब हमने रिपोर्ट खंगाली तो डायबिटीज ,ब्लड प्रेशर के प्रमुख कारणों में से एक मोटापे के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। 10 साल पहले के मुकाबले मध्यप्रदेश में मोटापे का आंकड़ा लगभग 4 गुना बढ़ा है।
– इंदौर में हर चौथी महिला और पांचवां पुरुष मोटापे की जद में हैं। इस कारण डायबिटीज और हाइपरटेंशन के मरीज भी काफी बढ़ गए। अंतरराष्ट्रीय संस्था की रिपोर्ट के मुताबिक मोटापा ब्रेस्ट, आंत सहित 13 तरह के कैंसर के खतरे भी बढ़ा देता है।
– जैसे-जैसे मोटापा बढ़ा डायबिटीज व ब्लड प्रेशर के मरीज भी बढ़े। प्रदेश के दूसरे बड़े शहरों सहित इंदौर के पुरुष और महिलाएं बड़ी तेजी से मोटापे का शिकार हो रहे हैं। इंदौर में आज हर चौथी महिला और 5वां पुरुष मोटापे की चपेट में है।
– वहीं हर सौ से 12 पुरुषों को हाइपरटेंशन और 9 को डायबिटीज की शिकायत है। डायबिटीज के चलते दूसरी गैर संक्रामक बीमारियां भी बड़ी तेजी से इंदौिरयों को अपना शिकार बना रही हैं।
– हालांकि अब जरूर एक सर्वे अभियान चलाकर डायबिटीज, ब्लड प्रेशर पीड़ितों के आंकड़े इकट्ठा करने के अभियान की शुरुआत की बात कही जा रही है।





