Under 17 के फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचे इंग्लैंड और स्पेन

रियान ब्रीवस्टर के एक और मेगा शो के दम पर इंग्लैंड ने विवेकानंद युवाभारती क्रीड़ांगन में खेले गए सेमीफाइनल में तीन बार के चैंपियन ब्राजील को 3-1 से मात देकर पहली बार अंडर-17 विश्व कप के फाइनल का टिकट कटा लिया।
अब खिताब के लिए उसका सामना शनिवार को इसी मैदान पर स्पेन से होगा। इंग्लिश टीम का इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2011 में रहा जब वह क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी।
अमेरिका के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में हैट्रिक बनाने वाले रियान ब्रीवस्टर ने लगातार दूसरे मैच में हैट्रिक लगाकर टीम को 32 साल में पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह दिलाकर इतिहास रच दिया।
उनके पांच मैचों में 7 गोल हो गए हैं और वह टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर हो गए हैं।
इंग्लैंड के मशहूर फुटबॉल क्लब लीवरपूल के लिए खेलने वाले ब्रीवस्टर ने 10वें, 39वें और 77वें मिनट में गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। ब्राजील के लिए एकमात्र गोल वेस्ली ने 21वें मिनट में किया।
स्पेन ने थामा माली का सफर –
कप्तान अबेल रूइज के दो गोलों से स्पेन ने दूसरे सेमीफाइनल में गत उपविजेता माली को 3-1 से मात देकर फाइनल में जगह बना ली।
कलात्मक खेल के महारथी स्पेन के आगे आक्रामक तेवरों वाले माली की एक नहीं चली। इसके साथ ही माली का लगातार दूसरी बार खिताबी मुकाबले में पहुंचने का सपना चकनाचूर हो गया।
यूरो अंडर-17 चैंपियन स्पेन ने टिकी टाका यानी छोटे-छोटे पास का अद्भुत नजारा पेश करते हुए 10 साल बाद और कुल चौथी बार फाइनल में जगह बनाई।
इससे पहले स्पेनिश टीम 2007 में दक्षिण कोरिया में हुए विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी जहां वह पेनल्टी शूटआउट में नाइजीरिया से 3-0 से हार गई थी।
इसे भी पढ़े: इस क्रिकेटर के साथ 4 साल में एक बाद एक घटी ये अनचाही घटना, बदल गयी पूरी जिन्दगी
स्पेनिश कप्तान रूइज ने खेल के 19वें मिनट में ही गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 43वें मिनट में अपना और टीम का दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
टीम के लिए तीसरा गोल खेल के 71वें मिनट में फेरन टॉरेस ने किया। माली के लिए एकमात्र गोल 74वें मिनट में लासाना एनडीयाए ने किया।





