IPL9 :कटिंग की गर्लफ्रेंड एरिन का रातभर जागना हुआ सार्थक

सिडनी। ऐसा कम ही होता है कि किसी पेशेवर क्रिकेटर की पत्नी या गर्लफ्रेंड को उससे ज्यादा सुर्खियां मिले, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर बेन कटिंग के मामले में ऐसा ही है। कटिंग की गर्लफ्रेंड एरिन हॉलैंड पूर्व मिस ऑस्ट्रेलिया है और अपनी सुंदरता की वजह से वे बेन से ज्यादा लोकप्रिय है। एरिन 2013 में मिस वर्ल्ड ऑस्ट्रेलिया बनी थी।
सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात लॉयंस के बीच शुक्रवार को नई दिल्ली में हुए आईपीएल-9 के दूसरे क्वालीफायर के लिए हॉलैंड का रातभर जागना इस वजह से सार्थक हुआ कि कटिंग ने अविश्वसनीय फील्डिंग की और उनकी टीम यह मैच जीतकर आईपीएल फाइनल में पहुंचीं।
गुजरात लॉयंस की पारी में कटिंग ने एरोन फिंच द्वारा लगाए शॉट पर मिडविकेट बाउंड्री पर जबर्दस्त छलांग लगाकर एक छक्का बचाया था और इस पर सिर्फ 1 रन बन पाया था। एरिन ने इसके तुरंत बाद ट्वीट किया – अद्भुत प्रयास कटिंग। आपके इस महामानीय प्रयास को देखकर मुझे तो जैसे हार्ट अटैक ही आ गया था।
जब यह मैच खत्म हुआ तब ऑस्ट्रेलिया में आधी रात हो रही थी। डेविड वॉर्नर के शानदार प्रदर्शन की वजह से सनराइजर्स ने यह मुकाबला 4 विकेट से जीता और इसके तुरंत बाद एरिन ने ट्वीट किया – रातभर जागना सार्थक हुआ। सनराइजर्स ने शानदार जीत दर्ज की। मुझे तो विश्वास नहीं हो रहा है।







