प्रैक्टिस के दौरान बैडमिंटन खिलाडी की अस्पताल में हुई मौत

कोलकाता। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के शिविर में प्रशिक्षण के दौरान 18 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी निहारेंदु मल्लिक की मौत हो गई। निहारेंदु के मौत की जानकारी साई अधिकारियों ने रविवार को दी। निहारेंदु साई के भुगतान करो और खेलो (पे एंड प्ले) योजना का हिस्सा थे और वह बैडमिंटन टीम में आने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे।
निहारेंदु के कोच एमएम सामंत्रे ने बताया कि शटलर निहारेंदु मल्लिक अभ्यास के दौरान अचानक बेहोश हो गए और उसके बाद उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनके पिता नित्यानंद मल्लिक ने कहा कि इस घटना के लिए साई जिम्मेदार नहीं है। निहारेंदु के शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
साई के शिविर में शनिवार को निहारेंदु तीन अन्य खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस कर रहे थे कि अचानक वह बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐसा कहा जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने और दिमाग में खून का प्रवाह रुकने की वजह से उसकी मौत हुई।
खत्म हुई इस बॉक्सर की जिंदगी, पहला मैच ही बना आखिरी
निहारेंदु के पिता ने नित्यानंद मल्लिक ने अपने बयान में कहा कि मैं एक अनापत्ति प्रमाण पत्र लिखूंगा। हमारी साई से किसी प्रकार की मांग नहीं है और न हम उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराएंगे। निहारेंदु का प्रशिक्षण अच्छा चल रहा था। मेरा छोटा बेटा भी बैडमिंटन खेलता है। हर दिन की तरह ही वह सत्तू पीने के बाद प्रशिक्षण के लिए आया था।
यह भी कहा जा रहा है कि निहारेंदु खाली पेट प्रशिक्षण कर रहे थे। वह बाराकपोरे के निवासी थे और गरीब परिवार से थे। साई के क्षेत्रीय निदेशक मनमीत सिंह गोइंदी ने कहा कि साई में ऐसी घटना हमारे लिए काफी दुख की बात है।
गोइंदी ने कहा कि निहारेंदु के पिता हाल ही में रेलवे से सेवानिवृत्त हुए हैं। निहारेंदु अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। मैं अपने दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। इस मामले पर गोइंदी ने यह भी कहा कि उन्हें साई के स्थानीय अधिकारियों से किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली और उन्हें इसके बाद सीआरपीएफ की मदद लेनी पड़ी। साई ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।





