मौत भी न कर सकी जुदा, पत्नी का हाथ पकड़कर पति ने कहा ‘अलविदा’

कनाडा। कनाडा के ओंटारियो में रहने वाले 21 वर्षीय क्रिस मिनिनी ने अपने माता-पिता की एक मार्मिक तस्वीर साझा की है। इसमें क्रिस के पिता अपने अंतिम पलों में पत्नी का हाथ पकड़कर लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर लेटे हैं और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो जाती है।
क्रिस के पिता जिम फेफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे। इसके अलावा उनकी पत्नी किंडी आयरलैंड को भी गंभीर बीमारी थी। मौत के मुंह पर खड़े अपने माता-पिता को क्रिस ने नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, ऑपरेशन के बाद क्रिस की मां को तो बचा लिया गया लेकिन पिता की मौत हो गई।
क्रिस ने तस्वीर साझा करते हुए बताया कि उनके पिता ने बिछड़ते हुए उससे यह मांग की थी कि अस्पताल के दूसरे कमरे में भर्ती उनकी पत्नी के साथ कुछ समय तक रहने की इजाजत दी जाए। इसी के बाद अस्पताल प्रशासन ने दोनों को एक ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर लिटा दिया।
क्रिस ने कहा, ‘मेरे माता-पिता दोनों एक दूसरे को बहुत ही प्यार करते थे। ऐसा बहुत ही कम मौके आते जब वे अलग होते।’ मौत से ठीक पहले जिम और किंडी दोनों ने ही अपने हाथ एक दूसरे के हाथ में रखे हुए थे। इसी समय क्रिस ने कैमरे से उनकी यह मार्मिक तस्वीर उतार ली।
क्रिस ने कहा कि पिता का हाथ पकड़ने के बाद मां सो गई थीं। जब वे उठीं तो उन्होंने सबसे पहले पिता के बारे में पूछते हुए कहा कि वे कहा हैं? अपने पति की मौत के बारे में पता चलते ही वे रोने लगीं।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पहली बार किसी दो मरीज को एक ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। आमतौर पर एक कमरे व एक लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर एक ही मरीज को रखा जाता है।





