9 से 5 की डेस्क जॉब से अकड़ गई है कमर? अपनी कुर्सी पर बैठे-बैठे करें ये योगासन

आज के समय में 9-5 की डेस्क जॉब हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। चाहे आप ऑफिस जा रहे हों या वर्क फ्रॉम होम कर रहे हों, लगातार 7-8 घंटे कुर्सी पर बैठे रहने का सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। गलत पोस्चर और फिजिकल एक्टिविटी की कमी के कारण पीठ, कमर और कंधों में दर्द होना आम समस्या बन गई है।
इस कंडीशन में जिम या एक्सरसाइज करने के साथ-साथ काम के बीच भी छोटे-छोटे ब्रेक्स लेकर कुछ आसान योगासन अपनी चेयर पर बैठकर ही करना फायदेमंद साबित हो सकता है। आइए जानें इन योगासनों के बारे में।
चेयर कैट-काउ पोज
यह आसन रीढ़ की हड्डी की फ्लेक्सिबिलिटी को बढ़ाने और पीठ के निचले हिस्से के स्ट्रेस को कम करने के लिए बेहतरीन है। इससे पीठ और गर्दन की मांसपेशियों की जकड़न तुरंत दूर होती है।
कैसे करें- कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं और दोनों पैरों को जमीन पर सपाट रखें। अपने हाथों को घुटनों पर रखें। सांस लेते हुए अपनी छाती को आगे की तरफ निकालें और रीढ़ को अंदर की ओर झुकाते हुए ऊपर देखें। अब सांस छोड़ते हुए रीढ़ को बाहर की तरफ घुमावदार बनाएं और अपनी ठुड्डी को छाती से लगाएं।
सीटेड स्पाइनल ट्विस्ट
लगातार बैठने से रीढ़ की हड्डी में जो दबाव बनता है, यह आसन उसे रिलीज करता है। इस आसन को करने से कमर के निचले हिस्से में दर्द से भी आराम मिलता है।
कैसे करें- कुर्सी पर सीधे बैठें। अपने बाएं हाथ को दाहिने घुटने पर रखें और दाहिने हाथ को कुर्सी के पिछले हिस्से पर टिकाएं। सांस छोड़ते हुए अपने शरीर के ऊपरी हिस्से को दाहिनी ओर मोड़ें और कंधे के ऊपर से पीछे की ओर देखें। 5-10 सेकंड रुकें, फिर यही प्रक्रिया दूसरी तरफ से दोहराएं।
चेयर पिजन पोज
ज्यादा देर बैठने से हमारे हिप फ्लेक्सर्स टाइट हो जाते हैं, जिसका सीधा असर लोअर बैक पर पड़ता है। यह आसन इसी स्ट्रेस को कम करता है। यह कूल्हों और पीठ के निचले हिस्से को स्ट्रेच करके साइटिका के दर्द से भी राहत देता है।
कैसे करें- कुर्सी पर सीधे बैठें। अपने दाहिने पैर के टखने को उठाकर बाएं पैर के घुटने के ऊपर रखें। अब गहरी सांस लें और रीढ़ को सीधा रखते हुए थोड़ा आगे की तरफ झुकें। कुछ सेकंड रुकें और फिर पैर बदल लें।
सीटेड फॉरवर्ड बेंड
यह आसन पूरी पीठ और हैमस्ट्रिंग को एक रिलैक्सिंग स्ट्रेच देता है। यह दिमाग शांत करने और स्ट्रेस रिलीज में भी मदद करता है।
कैसे करें- कुर्सी पर थोड़े आगे की ओर खिसक कर बैठें और पैरों के बीच थोड़ी दूरी बना लें। गहरी सांस लें और छोड़ते हुए धीरे-धीरे आगे की ओर झुकें, ताकि आपका पेट जांघों को छुए। अपने हाथों को नीचे जमीन की तरफ ढीला छोड़ दें और सिर को भी नीचे झुका लें। 30 सेकंड इसी पोजीशन में रहें।
ईगल आर्म्स
कंप्यूटर पर लगातार टाइपिंग करने से कंधों और ऊपरी पीठ में जो भारीपन आता है, यह आसन उसे दूर करता है।
कैसे करें- सीधे बैठें और दोनों हाथों को सामने लाएं और बाईं कोहनी को दाईं कोहनी के ऊपर रखते हुए आपस में क्रॉस करें। अब दोनों हथेलियों को मिलाने की कोशिश करें। अपनी कोहनियों को कंधे के बराबर ऊपर उठाएं और कंधों को कानों से दूर रखें। कुछ सांसें यहां लें और फिर हाथ बदल लें।





