79 साल की Aruna Irani को लेकर एक्टर ने फैलाया था झूठ, खुलेआम किया था शोषण

79 साल की अरुणा ईरानी ने अपने लंबे करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं। वह दर्शकों की ऑनस्क्रीन फेवरेट ‘मां’ भी हैं। उन्होंने ‘लाडला’ से लेकर ‘बॉबी’ और ‘बेटा’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड के साथ-साथ टीवी पर भी उनका काफी दबदबा रहा।
फिल्मों में किरदारों को लेकर अरुणा ईरानी भले ही चर्चा में रही हों, लेकिन उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा विवादों से दूर रखा है। हालांकि, पहली बार अरुणा ईरानी ने बताया कि उनका किस कदर फिल्म इंडस्ट्री में शोषण किया गया। खास तौर एक्ट्रेस ने ये दावा किया कि एक एक्टर ने तो उनका काम के समय बहुत शोषण किया, जिसका एहसास उन्हें बाद में हुआ।
अरुणा ईरानी से कहा था ‘मैं तुमसे शादी करूंगा’
अरुणा ईरानी ने एंटरटेनमेंट पोर्टल जूम को दिए गए एक इंटरव्यू में कहा, “अपने करियर के शुरुआती दिनों में जब मुझे काम की जरूरत थी, वह काम मुझे एक्टर महमूद ने दिया था। वह रिश्ता ऐसा था, जहां मैं उनके एहसान तले दबी थी। महमूद जी से मिलने के बाद मैं आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर हो गई थी। वह काफी सपोर्ट किया करते थे। जब काम चल पड़ा तो, वह दूसरे काम करने लगे और मैं दूसरी फिल्में और शोज करने लगी। हालांकि, बाद में मुझे ये एहसास होने लगा था कि वह मेरा खुलेआम शोषण कर रहे थे।”
“मैं उन्हें पूरी तरह दोष नहीं दूंगी, मेरी भी अपनी जरूरतें थीं। उन्होंने उम्मीद जगाई थी कि वह मुझसे शादी करेंगे, लेकिन नहीं की। अच्छा ही हुआ कि मेरी आंखें खुल गईं। वह पहले दो बार शादी कर चुके थे, वह तीसरी बार भी कर सकते थे। खैर, मेरी किस्मत अच्छी थी।”
मेकर्स को एक्ट्रेस की प्रेग्नेंसी को लेकर लगने लगा था डर
अरुणा ईरानी ने एक्टर महमूद के बारे में आगे बताया कि उनकी वजह से अगर उन्हें फिल्मों में काम मिला, तो एक्टर की वजह से उनका करियर तबाह भी हुआ। एक्ट्रेस बोलीं, “लोगों को उन्होंने ये बताया हुआ था कि हमारी शादी हो गई है। इस कारण कई फिल्ममेकर्स ने मुझे काम देना बंद कर दिया था। उन्हें ये डर था कि अगर मैं प्रेग्नेंट हो गई तो उनकी फिल्म फंस जाएगी। वह मेरे करियर का सबसे बुरा दौर था।”
एक्ट्रेस ने इससे पहले एक चैनल से बातचीत में ये बताया था कि उन्होंने महमूद को खुश करने के लिए हर हद पार कर दी थी। अरुणा ईरानी ने कहा था, “मैं बहुत ही गरीब परिवार से आती हूं। मैंने उन्हें खुश करने के लिए हर हद पार की है, ऐसे में अपना नाम, शोहरत और हाथ में पैसे देखना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी।” हालांकि, अरुणा ईरानी का करियर तब ट्रैक पर वापस लौटा, जब उनकी और महमूद की कहानी खत्म हुई और लोगों को ये बात समझ आई कि अब उन दोनों के बीच कुछ नहीं है।





