7 फीट लंबा ‘लोहे का फेफड़ा’, 70 सालों से ‘सीने में लिए घूम रहा था’ शख्स!

पोलियो एक खतरनाक वायरस से होने वाली बीमारी है जिसे भारत ने हरा दिया है. पर दुनिया में पोलियो के मामले सामने आते रहते हैं. पोलियो संक्रमित लोगों के शरीर को ये वायरस इतना ज्यादा नुकसान पहुंचा देता है, कि उनकी जिंदगी नर्क सी हो जाती है. अमेरिका के रहने वाले एक व्यक्ति ने पोलियो के साथ 70 सालों तक जीवन बिताया है. पर अब जाकर उसे अपनी दर्दभरी जिंदगी से छुटकारा मिल गया है. पोलियो पॉल के नाम से प्रसिद्ध इस व्यक्ति की मौत हो गई है. वो एक मशीन के भरोसे जिंदा था, जिसे आयरन लंग्स कहते हैं. ऐसे में ये कहा जा सकता है कि उसके सीने में असल के इंसानी फेफड़े नहीं, बल्कि लोहे के फेफड़े थे, जिसने उसे जीवित रखा था. हालांकि, वो खुद उन फेफड़ों में कैद था.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अनुसार 1952 के दौर में पोलियो तेजी से अमेरिका में फैला था. हजारों की संख्या में बच्चे उससे ग्रसित थे. तब पॉल एलेक्जैंडर 6 साल के थे. वो टेक्सास के डालास में रहा करते थे. अचानक ही उन्हें एक रोज तेज बुखार आया, बदन दर्द हुआ, गर्दन दुखने लगी. उनकी मां समझ गईं कि उन्हें भी पोलियो ने जकड़ लिया है. एक वक्त ऐसा आया जब उनके लिए सांस लेना भी मुश्किल हो गया, वो बैठ भी नहीं पा रहे थे. तब उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में कई बच्चे पोलियो से पीड़ित थे.
मशीन में बिता दी जिंदगी
डॉक्टर ने पहले तो कहा कि उनकी जान नहीं बच पाएगी, मगर तभी एक दूसरे डॉक्टर ने उनकी tracheotomy सर्जरी की. इस सर्जरी में विंड पाइप में एक छेद किया जाता है, जिससे मरीज सांस ले पाता है. सर्जरी के बाद उन्हें एक बड़े से बॉक्स में रख दिया गया, जिसमें उन्हें अपनी बाकी की जिंदगी बितानी थी. 1952 में इस बक्से को आयरन लंग्स कहा जाता था. ये अब इस्तेमाल नहीं होते हैं. इस मशीन में मरीजों को तब रखा जाता है, जब उनके फेफड़े पूरी तरह बेकार हो जाते हैं. मशीन का प्रयोग कर के ही मरीज सांस लेते हैं. ये एक प्रकार का वेंटिलेटर था.
पॉल की हो गई मौत
धीरे-धीरे उन्होंने मशीन के बिना कुछ वक्त तक रहना सीख लिया था, पर फिर उन्हें रात में सोने के लिए मशीन की जरूरत पड़ती थी. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार 12 मार्च को उनके गोफंडमी पेज पर बताया गया कि 11 मार्च को उनकी मौत हो गई. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, लोहे के लंग्स सबसे लंबे वक्त तक रहने वाले व्यक्ति पॉल थे. उन्होंने इसी के भरोसे अपनी पढ़ाई पूरी की और वकील बने.





