56 आधुनिक जेल वैन को सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी, अबतक किसी दूसरे राज्य में… 

उत्तर प्रदेश पुलिस बल को आधुनिक करने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेल में मिलने वाली सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री ने 56 जिलों की जेल के लिए रविवार को अपने सरकारी आवास से आधुनिक जेल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैन से सोमवार को बंदी पेशी पर जा सकेंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 56 जिलों के लिए आधुनिक जेल वैन को अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग के बाहर से रवाना किया। इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कारागार एवं होमगार्ड धर्मवीर प्रजापति, पुलिस महानिदेशक देवेंद्र सिंह चौहान, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव कारागार आरके सिंह, पुलिस महानिदेशक कारागार अनंत कुमार, पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक्स विजय कुमार मौर्य, एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार भी मौजूद थे।

समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भर्ती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 56 जिलों के लिए मॉडर्न प्रिजन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1.56 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भर्ती करने के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस बल के आधुनिकीकरण की दिशा में हमने जो कदम उठाए, उसके परिणाम आज सबके सामने हैं।

आज तस्वीर बदल चुकी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोग चर्चा करते हैं और अक्सर उदाहरण देते हैं कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में जहां दंगे फसाद, अराजकता, गुंडागर्दी चरम पर थी, जहां पुलिस भागती थी और अपराधी उसे दौड़ाते थे, वहां आज तस्वीर बदल चुकी है।

प्रदेश में कानून का भय

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले व्यक्ति को मालूम है कि उसे इसकी क्या कीमत चुकानी होगी। प्रदेश में कानून का भय है। कानून का राज स्थापित होने से उत्तर प्रदेश निवेश का आकर्षक गंतव्य बना है। उन्होंने कहा कि मॉडर्न प्रिजन वैन हर तरह की तकनीकी से युक्त है। इसमें पुलिसकर्मी सुरक्षित रहेंगे। हर गतिविधि सीसीटीवी कैमरे से देखी जा सकेगी। जरूरत पड़ने पर पैनिक बटन दबाया जा सकता है।

भारत के किसी दूसरे राज्य में अब तक नहीं

इससे पहले पुलिस महानिदेशक (DGP UP) देवेंद्र सिंह चौहान (Dr DS Chauhan) ने कहा कि ऐसी मॉडर्न प्रिजन वैन का इस्तेमाल भारत के किसी दूसरे राज्य में अब तक नहीं हुआ है। मॉडर्न प्रिजन वैन में सिक्योरिटी के अत्याधुनिक इंतजाम हैं। इसे कंट्रोल रूम से आसानी से मॉनिटर किया जा सकता है।

Back to top button