
भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के घर छापेमारी कर 53 किलो नीलगाय का मांस बरामद किया है। इसकी सूचना वन विभाग को दे दी गई है। आरोपित ने बताया कि इसमें उसकी कोई गलती नहीं है बल्कि उसे सिर्फ इस मांस को बेचने की जिम्मेदारी दी थी।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने मंगलवार को एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी कर नीलगाय का 53 किलो मांस जब्त किया है। इस मामले में नीलगाय का शिकार करने वाले दो आरोपित फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मामले की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है।
मांस बेचने की फिराक में थे आरोपी
वन विभाग की टीम से सामंजस्य बनाकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि सईद नगर में रहने वाला आरिफ खान उर्फ सोनू वन्यप्राणी के मांस का विक्रय करता है। सूचना के बाद मौक पर पहुंची पुलिस की टीम ने आरिफ के घर पर दबिश दी तो 53 किलोग्राम मांस मिला।
पूछताछ के बाद सामने आई सच्चाई
जांच करने पर उक्त मांस नीलगाय का निकला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पूछताछ में आरिफ ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह सइद नगर निवासी अरबाज खान और चौकी इमामबाड़ा निवासी मुईज अली कार से नीलगाय का मांस लेकर उसके पास आए थे। उन्होंने आरिफ को मांस बेचने के लिए दिया था।
उन्होंने यह भी बताया था कि नील गाय का शिकार सागर जिले के जंगल से किया था। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अरबाज और मुइज अली के घरों पर दबिश भी दी, लेकिन मांस जब्त होने की भनक लगते ही दोनों फरार होने में कामयाब हो गए।
जंगल में नीलगाय की है भरमार, लालच में आते हैं शिकारी
पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बता दें कि रहली जिला सागर के जंगल में नीलगाय बहुतायत में पाई जाती हैं। भोपाल से शिकारी अक्सर वहां से नीलगाय का शिकार करने के बाद लग्जरी गाड़ियों से तस्करी कर मांस लाकर भोपाल में बेचते हैं। इसके पहले सूखी सेवनिया थाना इलाके में चेकिंग के लिए कार रोकने पर शिकारियों ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला भी कर दिया था। पुलिस ने उनकी कार से भी नीलगाय का मांस बरामद किया था।