5 लाख रुपए तक टैक्सबल आय वाले वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी ब्याज पर TDS छूट

केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कहा है कि पांच लाख रुपए तक की कर योग्य आय वरिष्ठ नागरिक अब बैंकों और डाकघरों में जमा राशि पर मिलने वाली ब्याज आय पर टीडीएस कटौती से छूट के लिए फॉर्म 15एच को जमा करा सकते हैं।

इससे पहले स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) की यह सीमा इससे पहले ढाई लाख रुपए तक थी। सीबीडीटी ने अब फॉर्म 15एच में संशोधन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। यह संशोधन बजट में की गई घोषणा को अमल में लाने के लिए है। वर्ष 2019- 20 के बजट में पांच लाख रुपए तक की कर योग्य आय वाले करदाताओं को कर से पूरी तरह छूट दी गई है।

इसका लाभ तीन करोड़ मध्यम वर्ग के करदाताओं को मिलेगा। सीबीडीटी के संशोधन में कहा गया है कि आयकर कानून 1961 की धारा 87ए के तहत दी गई छूट को ध्यान में रखते हुये जिन करदाताओं की कर देनदारी शून्य है बैंक और वित्तीय संस्थान अब ऐसे करदाताओं से फॉर्म 15एच स्वीकार कर सकते हैं। 

60 साल से ऊपर आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वित्त वर्ष की शुरुआत में फॉर्म 15एच भरकर देना होता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनकी ब्याज आय पर कोई कर कटौती नहीं की जा सके। उल्लेखनीय है कि 2019- 20 के बजट में पांच लाख रुपए सालाना की आय रखने वालों को आयकर की धारा 87ए के तहत कर छूट को 2,500 रुपए से बढ़ाकर 12,500 रुपए कर दिया गया था। इसमें पांच लाख रुपए तक की कर योग्य आय वाले कर देनदारी से मुक्त हो गए।

Back to top button