सहारनपुर. सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर दौरे पर हैं। यहां उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में नेताओं के साथ मीटिंग की। मीटिंग के बाद सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना और फ्री बिजली कनेक्शन के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे। इस मौके पर उन्होंने कहा, ”यूपी में सिर्फ 5 जिलों में बिजली सीमित होती थी। ये आप सब जानते हैं। हमने कहा कि लोकतंत्र में कोई वीआईपी नहीं होता, भेदभाव नहीं कर सकते। ये नहीं हो सकता कि मुख्यमंत्री का जिला है तो वहीं बिजली मिलेगी।” अखिलेश यादव पर कमेंट करते हुए सीएम ने कहा, ”जो थानों को 5 लाख देने की बात कर रहे हैं, वो 5 लाख जनता के स्वास्थ्य और शिक्षा को देते तो अच्छा होता।” बता दें, अखिलेश ने बीते दिनों कहा था कि अगर उनकी सरकार आएगी तो वे यूपी के थानों को त्योहार मनाने के लिए 5 लाख रुपए देंगे। 
लाखों परिवारों के पास बिजली कनेक्शन नहीं…
– योगी ने आगे कहा, ”लाखों परिवारों के पास अभी बिजली कनेक्शन नहीं है। ये सरकार आम जनता की सरकार है, किसानों की सरकार है। कोई भेदभाव यूपी में नहीं होगा। सकुशल कांवड़ यात्रा के लिए धन्यवाद। कांवड़ यात्रा पर बैन नहीं लगेगा। कांवड़ यात्रा पर हमने निगरानी रखी है।”
– ”25 लाख फर्जी राशन कार्ड पाए गए हैं। अभी 7 लाख परिवारों के पास बिजली कनेक्शन नहीं है। हम बिजली वितरण में समानता लाएंगे। बिजली चोरी करने वाला व्यक्ति डरता रहता है। कटियामारी से ट्रांसफॉर्मर ज्यादा जलते हैं। हम कनेक्शन को नियमित करने की कोशिश कर रहे हैं। गरीबों के घर हम मीटर लगाएंगे। सब्सिडी भी देंगे। जल्द ही सभी को 24 घंटे बिजली की व्यवस्था देंगे। हमने 100 दिन में 8 हजार ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाई है।
– ”हमने किसानों का कर्ज माफ किया है। गन्ना किसानों का बकाया कराया गया है। जाति-मजहब के नाम पर भेदभाव नहीं होगा। सबका विकास ही हमारी सरकार का मंत्र है। शासन की योजनाओं पर किसी एक का हक नहीं है। बिना भेदभाव के आवास दिए जा रहे हैं। गरीबों को राशन कार्ड मिलेगा।
त्योहार मनाने में नहीं होना चाहिए भेदभाव
– योगी ने कहा कि त्योहार मनाने में भेदभाव नहीं होना चाहिए। हमारी नई सरकार है, इसलिए चुनौतियां ज्यादा हैं। अराजकता खत्म कर प्रशासन को संवेदनशील बनाना है। सुशासन और विकास के लिए काम करना होगा।
– शासन, प्रशासन और संगठन में तालमेल होना चाहिए। तालमेल के लिए जिले में प्रभारी मंत्री नियुक्त हुए हैं।
सीएम को लेने गई कार फंसी
– सीएम के आने से पहले हल्की बारिश होने से पुलिस लाइन में बने हैलीपैड पर पानी भर गया। बारिश रूकने के बाद जैसे ही एक गाड़ी हैलीपैड के पास भेजी गई, कार वहां फंस गई। कार को फंसता देख अफसरों के पसीने छूट गए। पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह गाड़ी को बाहर निकाला।
सरकारी ऑफिसों की व्यवस्थाएं की गईं चाक-चौबंद
– सीएम योगी के दौरे को देखते हुए सरकारी ऑफिसों में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं। कलेक्ट्रेट कैम्पस में पुरानी सड़क को उखाड़कर नई सड़क का निर्माण किया गया है। इसी तरह दूसरे डिपार्टमेंट्स में भी दिन-रात काम हुआ है। सड़को को गड्ढामुक्त किया गया है। ऑफिसों में साफ-सफाई और रंग-पुताई का काम तेजी से हुआ है।