4000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों के घेरे में PM मोदी, 3 फरवरी को जम्मू कश्मीर में होगी चुनावी रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजयपुर दौरे को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद किए जाएंगे। लगभग 4 हजार सुरक्षा कर्मियों के अभेद सुरक्षा किले में मोदी की रैली होगी। पूरे सांबा जिले से लेकर कठुआ के लखनपुर तक नेशनल हाइवे पर सिक्योरिटी रहेगी।
स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप के अधिकारियों ने भी रैली सभा स्थल का जायजा लिया। सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षा बंदोबस्त की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार सांबा जिले की 10 पुलिस कंपनियों मोदी की सुरक्षा में तैनात रहेंगी। इसके लिए स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप, सीआईएसएफ, बीएसएफ, सेना की टुकडि़यां भी मोर्चा संभालेंगी।
सांबा बार्डर से हाइवे तक सभी चेक प्वाइंट पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। वेन्यू स्थल को 20 दिन पहले ही सील कर दिया गया था। सांबा के एसएसपी कौशल शर्मा का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
अभेद सुरक्षा बंदोबस्त हैं। बार्डर से लेकर शहर तक अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। केंद्रीय बल और राज्य पुलिस मिलकर सुरक्षा बंदोबस्त कर रही है।





