गवर्नमेंट जॉब के लिए उम्र 40 साल, सड़क हादसे में घायलों को 48 घंटे तक फ्री इलाज

जयपुर/ झुंझुनूं. राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में हृदय रोगियों की अब निशुल्क एंजियोग्राफी होगी। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को निजी और सरकारी अस्पतालों में 48 घंटे तक मुफ्त इलाज मिलेगा। राज्य सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को झूंझुनू में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इसकी घोषणा की।
– इसके अलावा राजे ने भर्ती परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा 35 से बढ़ाकर 40 साल करने व एक लाख 40 हजार नई भर्तियां निकालने का ऐलान भी किया। इनके अलावा किसानों और पेयजल को लेकर भी घोषणाएं हुईं।
– समारोह में राजे ने झुंझुनूं के लिए 2 हजार 237 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही 4 सालों में प्रदेश में किए गए कामों का लेखा-जोखा दिया।
– राजे ने कहा कि प्रदेश में हर रोज 25 किमी सड़क बन रही है। चार हजार 437 आदर्श विद्यालय शुरू किए गए हैं।
– उन्होंने बताया कि पिछले चार साल में किसानों को 58 हजार 210 करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया, जो देश में एक रिकार्ड है। जबकि पिछली सरकार पूरे 5 साल में सिर्फ 25 हजार करोड़ रुपए का ही ऋण दे पाई थी।
किसानों को अगले साल से भूमि विकास बैंकों से 5.5% पर लोन
जनवरी 2018 से प्रदेश के सहकारी भूमि विकास बैंकों से किसानों को 5.5 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध होगा। अभी यह ब्याज दर 6.7 प्रतिशत है। भूमि विकास बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों को अप्रैल 2018 से बीमा कवर 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया जाएगा। किसानों को कोर बैंकिंग एवं मॉडर्न बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए 190 करोड़ रुपए की लागत से सभी पैक्स का कम्प्यूटराइजेशन किया जाएगा। जैनेरिक दवाईयों के लिए चरणबद्ध रूप से 200 प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र खोले जाएंगे। 150 करोड़ रु. से 1000 नए पशु चिकित्सा उप केन्द्रों व 100 पशु चिकित्सालय बनेंगे।
शहीद सैनिकों के एक परिजन को राजकीय सेवा में नियुक्ति
– शहीद हुए सैनिकों के नाम से स्कूल एवं गौरव पथ का नामकरण। शहीद हुए सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को राजकीय सेवा में नियुक्ति।
– इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में जिन पूर्व सैनिकों को भूमि आंवटन का निर्णय हुआ था, लेकिन आदेश जारी होने से पहले उनकी मृत्यु हो गई। अब उनके आश्रितों को भूमि का कब्जा दिया जाएगा।
– करगिल पैकेज में हाउसिंग बोर्ड के जो आवास अभी तक आवंटित नहीं हुए, उन्हें आवंटित किया जाएगा।
– झूंझुनूं में सैनिक स्कूल के लिए 184 करोड़ रु.।
खेल: झुंझुनूं में राज्य क्रीड़ा संस्थान खुलेगा
मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला की तर्ज पर झुंझुनूं में राज्य क्रीड़ा संस्थान की स्थापना होगी। राज्य की सभी 15 खेल अकादमियों को इससे सम्बद्ध करेंगे।
ये भी पढ़ें: SUV कार में छिपाई 50 लाख की अफीम, स्मगलिंग का यह अनोखा तरीका देख पुलिस के भी उड़ गये होश!
स्वास्थ्य: 25 करोड़ के उपकरण मिलेंगे एसएमएस को
एसएमएस कॉलेज व सम्बद्ध चिकित्सालयों में 25 करोड़ रुपए के उपकरणों की खरीद व निर्माण। अजमेर, भीलवाड़ा, चूरू और बीकानेर में 50 बैड वाले आयुष चिकित्सालय खोलेंगे।





