36 की उम्र में डिप्रेशन में चले गए थे कपिल

कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। उनकी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए। कभी बड़ी सफलता मिली, तो कभी मुश्किल समय भी देखा। लेकिन हर बार वो संभलकर फिर से खड़े हुए। इतना सब देखने के बाद अब वे कहते हैं कि जिंदगी का हर दौर उन्हें कुछ न कुछ सिखाकर गया है।

डिप्रेशन ने मुझे बुरी तरह तोड़ दिया था
ई टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कपिल ने अपने डिप्रेशन को लेकर खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘हर दौर की अपनी एक अलग बात थी। बचपन अलग था। जब पापा साथ थे, वो समय अलग था। 2004 में जब पापा का निधन हुआ, तो जिंदगी पूरी तरह से बिखर गई। फिर मुझे टीवी पर एक मौका मिला और मैं दोबारा संभला। 36 साल की उम्र में डिप्रेशन ने मुझे बुरी तरह तोड़ दिया था। लोग कहने लगे थे- अब कपिल शर्मा खत्म हो गया है। लेकिन फिर मेरी शादी हुई। मेरा शो वापस आया। इसके बाद मैंने फिर से 300 से ज्यादा एपिसोड किए।’

हर दिन पापा को याद करता हूं
अपने पिता को याद करते हुए कपिल ने कहा, ‘अतीत कभी बदलता नहीं है। जो लोग चले गए, वो लौटकर नहीं आते। जब मैंने ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ जीता और 10 लाख रुपये का चेक मिला, तो मैं रो पड़ा। बस यही सोच रहा था, काश आज पापा होते। जब मेरा शो शुरू हुआ, तो एक दिन रात 9 बजे मैं अपने घर के बाहर खड़ा था। पूरी सोसायटी के घरों में टीवी चल रहे थे और लोगों की हंसी सुनाई दे रही थी, जो मेरा शो देख रहे थे। मैंने सोचा, अगर पापा जिंदा होते, तो कितना खुश होते। मैं उन्हें हर दिन याद करता हूं, लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं जब उनकी कमी ज्यादा महसूस होती है।’

सिंगर बनने मुंबई आए थे कपिल
कपिल अमृतसर से मुंबई सिंगर बनने का सपना लेकर आए थे। लेकिन उन्हें असली पहचान 2007 में ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ जीतने के बाद मिली। इसके बाद उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस’ जीता। 2013 में उन्होंने अपना शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ शुरू किया, जो बहुत हिट हुआ। धीरे-धीरे कपिल भारत के सबसे लोकप्रिय और सफल कॉमेडियन बन गए। इसी के साथ वे कई फिल्में भी कर चुके हैं। इनमें ‘किस-किसको प्यार करूं’ और ‘किस किसको प्यार करूं 2’ जैसी फिल्में शामिल हैं। फिलहाल वे नेटफ्लिक्स पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो का चौथा सीजन होस्ट कर रहे हैं। अब नेटफ्लिक्स ने इसके पांचवे सीजन का भी ऐलान कर दिया है।

Back to top button