हैंड सैनिटाइजर पीने से हुई 3 की मौत, एक ने खोई आंखों की रोशनी…

हैंड सैनिटाइजर पीने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स की आंखों की रोशनी चली गई. ये घटना मैक्सिको की है. न्यू मैक्सिको के स्वास्थ्य अधिकारियों ने ये जानकारी दी है.

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, हैंड सैनिटाइजर पीने की घटना के बाद तीन अन्य लोग गंभीर स्थिति में हैं. ऐसा समझा जाता है कि सभी सातों लोगों ने जो हैंड सैनिटाइजर पिया था, उसमें मेथनॉल था.

मैक्सिको के हेल्थ सेक्रेटरी केथी कुंकेल ने कहा कि अगर आपको लगता है कि आपने मेथनॉल वाला हैंड सैनिटाइजर पी लिया है तो मेडिकल हेल्प लें. ऐसा समझा जाता है कि कुछ लोगों ने शराब के विकल्प के तौर पर सैनिटाइजर पिया था.

केथी कुंकेल ने कहा कि मेथनॉल पीने वाले लोगों को बचाने के लिए दवा मौजूद है. लेकिन लोग जितनी जल्दी हॉस्पिटल आएंगे, रिकवरी के मौके उतने अधिक होंगे.

बता दें कि मेथनॉल की अधिक मात्रा के संपर्क में आने से मिचली, सिर दर्द, वोमिटिंग, साफ दिखाई नहीं देने, कोमा में जाने या नर्वस सिस्टम को स्थाई क्षति पहुंचने की समस्या और मौत भी हो सकती है.

कोरोना महामारी से पहले कई जेलों में सैनिटाइजर का उपयोग बैन था. जेल में ये डर बना रहता था कि कैदी इसे पी जाएंगे या आग लगाने में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.

Back to top button