25 से 35 वर्ष की आयु की महिलाओं में डायबिटीज का खतरा ज्यादा रहता

अब महिलाओं में भी डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ताजा अध्ययन में इसका खुलासा हुआ है। इसमें बताया गया है कि फिलहाल दुनिया भर में 20 करोड़ से ज्यादा महिलाएं डायबिटीज की शिकार हैं।

भारत में फिलहाल सात करोड़ लोग डायबिटीज के मरीज हैं। यह बात महानगर में ‘महिलाओं में बढ़ते मधुमेह डायबिटीज के मामले’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कोलंबिया एशिया अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डा पली चट्टोपाध्याय ने कही।

उन्होंने कहा कि 25 से 35 वर्ष की आयु की महिलाओं में डायबिटीज का खतरा ज्यादा रहता है। महिलाओं का बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआइ), कमर पर चर्बी, रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल भी बढ़ रहा है।

मोटापा, बदलती जीवनशैली, खान-पान की बदलती आदतें आदि इस बीमारी की प्रमुख वजहें हैं। इसके अलावा फास्ट फूड का बढ़ता प्रचलन लोगों को इस बीमारी के मुंह में धकेल रहा है। अनियंत्रित डायबिटीज की वजह से किडनी, आंखों और दिल की बीमारियां हो सकती हैं।

Back to top button