25 फरवरी से हरियाणा बोर्ड परीक्षा की शुरुआत

हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही हैं। पुलिसकर्मी केंद्रों की स्कैनिंग करेंगे और सीसीटीवी निगरानी में 5.65 लाख छात्र परीक्षा देंगे। उद्देश्य पारदर्शी और नकलमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करना है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही हैं। प्रदेशभर में प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस ने नकलमुक्त परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा-163 लागू की गई है, फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी और पुलिसकर्मी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्रों पर पहुंचकर ‘स्कैनिंग’ करेंगे। परीक्षा में 10वीं के 2.95 और 12वीं के 2.70 लाख परीक्षार्थी शाम होंगे।
परीक्षा का समय
12वीं कक्षा: 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026
10वीं कक्षा: 26 फरवरी से 20 मार्च 2026
समय: दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक
कुछ विषयों के लिए दोपहर 12:30 से 3:00 बजे तक
नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, उड़नदस्ते और पर्यवेक्षकों की निगरानी रहेगी।
पुलिसकर्मी परीक्षा से दो घंटे पहले पहुंचकर केंद्रों की स्कैनिंग करेंगे।
केंद्रों के अंदर मोबाइल, ब्लूटूथ व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी।
कई जिलों में संवेदनशील व अति-संवेदनशील केंद्रों की अलग से पहचान की गई है।
सोनीपत: 83 परीक्षा केंद्र, आठ संवेदनशील
सोनीपत जिले में 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आठ केंद्र संवेदनशील श्रेणी में हैं। गोहाना ब्लॉक में सर्वाधिक 26 केंद्र हैं। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि सभी केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा सामग्री से लैस ‘बस्ते’ सौंप दिए गए हैं और नकल रहित परीक्षा की शपथ दिलाई गई है।
नारनौल: 52 केंद्र, 16 हजार से अधिक विद्यार्थी
नारनौल जिले में 52 परीक्षा केंद्रों पर करीब 16 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। यहां कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और आठ फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए गए हैं।
नूंह: 65 केंद्र, सात संवेदनशील, आठ अति-संवेदनशील
नूंह जिले में 55 स्थानों पर 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान सख्त निगरानी रखी जाए। पुलिस अधीक्षक ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के आदेश दिए हैं।
रेवाड़ी: 54 केंद्र, धारा-163 लागू
रेवाड़ी जिले में 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। आदेशों के उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बोर्ड का उद्देश्य: नकलमुक्त परीक्षा
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस बार बोर्ड परीक्षा का मुख्य लक्ष्य पारदर्शिता और नकलमुक्त संचालन सुनिश्चित करना है। पंचायत प्रतिनिधियों से भी सहयोग लिया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भीड़ और अव्यवस्था न हो।
प्रदेशभर में प्रशासनिक सख्ती और तकनीकी निगरानी के बीच 25 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाएं इस बार अनुशासन और पारदर्शिता की कसौटी पर होंगी।





