200 करोड़ क्लब में एंट्री ले लेगी: ‘हाउसफुल 4’

फ़रहाद सामजी निर्देशित ‘हाउसफुल 4’ का बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल जारी है। दूसरे रविवार को तो फ़िल्म ने कमाल ही कर दिया। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म का प्रदर्शन देखते हुए ट्रेड जानकार मान रहे हैं कि फ़िल्म अब 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले लेगी। इस पड़ाव से कुछ ही दूर है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ‘हाउसफुल 4’ ने दूसरे वीकेंड में 31.27 करोड़ का कलेक्शन किया है। शुक्रवार को फ़िल्म ने 8.05 करोड़, शनिवार को 10.10 करोड़ और रविवार को 13.12 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है।

ट्रेड जानकार रमेश बाला के अनुसार, हाउसफुल 4 अब 10 दिनों में 172.58 करोड़ जमा कर चुकी है। यानि 200 करोड़ क्लब में पहुंचने के लिए फ़िल्म को अब 27.42 करोड़ की दरकार है। यह राशि ‘हाउसफुल 4’ को इस हफ़्ते में मिल सकती है। 2019 में यह अक्षय की दूसरी 200 करोड़ी फ़िल्म बनेगी। इससे पहले ‘मिशन मंगल’ डबल सेंचुरी लगा चुकी है।

दिवाली वीकेंड में 25 अक्टूबर को रिलीज़ हुई हाउसफुल 4 ने 19.08 करोड़ की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन शनिवार को 18.81 करोड़ और रविवार को ख़ास दिवाली के दिन फ़िल्म ने 15.33 करोड़ जुटाए। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 53.22 करोड़ जमा किये थे। इसके बाद सोमवार को गोवर्धन पूजा की छुट्टी में हाउसफुल 4 ने छप्परफाड़ कमाई की और 34.56 करोड़ का ज़बर्दस्त कलेक्शन किया था। मंगलवार को भैया दूज की छुट्टी में फ़िल्म ने 24.04 करोड़ जमा किये थे। बुधवार और गुरुवार को 16.35 करोड़ और 13.14 करोड़ जमा किये थे। पहले हफ़्ते में हाउसफुल 4 ने 141.31 करोड़ का कलेक्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button