16 फिल्मों में देवी बनी इस एक्ट्रेस की होने लगी थी पूजा, ग्लैमरस रोल करने में भी नहीं रहीं पीछे

‘बॉलीवुड की मां’ के रोल में एक ही एक्ट्रेस का नाम उभरता है, वो थीं निरूपा रॉय। 4 जनवरी को जन्मीं निरूपा रॉय ने शुरुआती दौर में ग्लैमरस रोल भी किए। उनके द्वारा निभाए गए मां के किरदार लोगों के दिलों में इस कदर बस गए कि उन्हें ‘बॉलीवुड की मां’ का खिताब दे दिया गया।

निरूपा रॉय का जन्म गुजरात में हुआ था। उनकी शादी 15 साल की उम्र में कमल रॉय से हुई थी। शादी के बाद निरूपा रॉय मुंबई पहुंचीं। उनके दो बेटे हुए- योगेश और किरण। निरूपा रॉय का असली नाम कोकिला किशोरचंद्र बुलसारा है। फिल्म इंडस्ट्री में आने के बाद निरूपा राय ने अपना नाम बदल लिया।
मां के रोल में निरूपा रॉय को तो हर किसी ने देखा है लेकिन कम ही लोगों को पता है कि उन्होंने 16 फिल्मों में देवी का किरदार निभाया था। देवी के किरदार में निरूपा रॉय ने ऐसी छाप छोड़ी कि लोग उन्हें सचमुच में देवी मानने लगे थे। यही नहीं लोग तो उनके घर जाकर उनके पैर छूते थे और भजन गाते थे।
निरूपा रॉय को 50 के दशक की धार्मिक फिल्मों की रानी माना जाता था। उन्होंने एक्टर त्रिलोक कपूर के साथ दर्जनों धार्मिक फिल्में कीं। इसके अलावा वो कई फिल्मों में बतौर मेन लीड ग्लैमरस रोल में भी दिखीं। जहां 50 के दशक में निरूपा रॉय को ‘देवी’ माना जाता था तो वहीं 70-80 के दशक में निरूपा रॉय ने इतनी फिल्मों में मां का किरदार निभाया कि उन्हें असल जिंदगी में ‘मां’ कहा जाने लगा।
निरूपा रॉय ने अमिताभ बच्चन से लेकर शशि कपूर, जितेंद्र जैसे एक्टर्स की मां का रोल किया। साल 1999 में आई फिल्म लाल बादशाह में अमिताभ बच्चन और निरूपा रॉय दोनों आखिरी बार मां-बेटे के रोल में दिखे। निरूपा रॉय ने अपने 5 दशक के लंबे बॉलीवुड करियर में करीब 300 फिल्मों में काम किया।





