भारतीय जनता पार्टी के आठ सदस्यों सहित 11 राज्यसभा सदस्यों ने ली शपथ…

उत्तर प्रदेश से निर्विरोध निवार्चित भारतीय जनता पार्टी के आठ सदस्यों सहित 11 राज्यसभा सदस्यों ने शुक्रवार को संसद भवन नई दिल्ली में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के आठों सदस्यों को बधाई दी है। भाजपा के आठ के अलावा समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल तथा निर्दलीय एक-एक सदस्य ने शपथ ली है। उप राष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने इन सभी को शपथ दिलाई.

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेई, भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष दर्शना सिंह, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबू राम निषाद, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर समुदाय के बड़े नेता सुरेन्द्र सिंह नागर ने भी राज्यसभा सदस्य के पद की शपथ ली। नागर 15वीं लोकसभा में गौतमबुद्धनगर से बहुजन समाज पार्टी से सदस्य थे। 2014 में समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद से 2019 से नागर भारतीय जनता में हैं।

भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के लक्ष्मण भी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में गए हैं। वह तेलंगाना से भाजपा के नेता है। 2016 से 2020 तक तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। वह 1999-2004 से आंध्र प्रदेश विधानसभा में और 2014-2018 से तेलंगाना विधानसभा में दो बार मुशीराबाद विधानसभा क्षेत्र से सदस्य रहे हैं। शाहजहांपुर से लोकसभा सदस्य रहे मिथलेश कुमार ने भी राज्यसभा के सदस्य के रूप मे शपथ ली है। मिथलेश कुमार ने शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी से 2009 में जितिन प्रसाद के बाद लोकसभा सदस्य होने का गौरव प्राप्त किया। तब सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित सीट थी। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए।

विधानसभा चुनाव में सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए गोरखपुर सदर सीट छोडऩे वाले डा. राधा मोहन दास अग्रवाल भी राज्यसभा के सदस्य हो गए हैं। डा राधा मोहन दास अग्रवाल 2002 से लगातार गोरखपुर शहर से विधानसभा के सदस्य थे। उत्तर प्रदेश की 14वीं, 15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा के सदस्य के रूप में गोरखपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

https://twitter.com/myogiadityanath/status/1545320067583262720?

भाजपा महिला मोर्चा की नेता संगीता यादव ने भी भाजपा से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। संगीता यादव मुम्बई की बोरीवली से हैं। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में अपनी शिक्षा पूरी की। एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद से कानून में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उनके पति अजय कुमार मौर्य संयुक्त आयकर आयुक्त हैं। संगीता यादव ने 2017 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर के चौरीचौरा से जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मनोरंजन यादव को हराकर विधायक चुनी गईं थीं। अब वह राज्यसभा सदस्य हो गई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन सभी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आज संसद के उच्च सदन राज्य सभा के सदस्य पद की शपथ ग्रहण करने वाले उत्तर प्रदेश से भाजपा के नवनिर्वाचित सदस्य गण को हार्दिक बधाई। नि:संदेह, आप सभी की कर्मठता, लोक-कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता व सर्वसमावेशी विकास की भावना से लोकतंत्र को मजबूती प्राप्त होगी। आप सभी का कार्यकाल स्वर्णिम हो।

भाजपा के आठ सदस्यों के अलावा समाजवादी पार्टी के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल, राष्ट्रीय लोकदल के जयंत सिंह चौधरी और समाजवादी पार्टी के जावेद अली खां ने आज शपथ ली।

Back to top button