100 दिन के कामकाज की समीक्षा करने के बाद सीएम योगी ने बढ़ाई कई अफसरों की जिम्मेदारियां

100 दिन के कामकाज की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई अफसरों की जिम्मेदारियां बढ़ाई हैं तो कई अफसरों के पर भी कतरे हैं. मुख्यमंत्री ने अपने 100 दिन के कामकाज की समीक्षा करने के बाद मेहनत से काम करने वाले अफसरों का कद बढ़ाया है तो काम में लापरवाही बरतने वाले और ढीले ढाले अफसरों को कम महत्व के पदों पर ट्रांसफर कर दिया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संजय अग्रवाल से माध्यमिक शिक्षा विभाग वापस ले लिया गया है. संजय अग्रवाल पर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप है. परिवहन आयुक्त के रवीन्द्र नायक को भी उनके पद से हटा दिया गया है. परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक का पद भी उन्हीं के पास था. लम्बे समय से इन दोनों जिम्मेदारियों को निभा रहे के.रवीन्द्र नायक पर भ्रष्टाचार, ट्रांसफर पोस्टिंग और विभागीय घपलों में शामिल होने का आरोप है.





