‘10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार डेंगू पर वार’, केजरीवाल ने शुरू की मुहिम

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने एक बार फिर डेंगू के खिलाफ मुहिम शुरू की है। ‘10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार डेंगू पर वार’ नाम से डेंगू के खिलाफ महा-अभियान की शुरुआत की गई है। आज सुबह दस बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर साफ-सफाई कर अभियान की शुरुआत की। इसी प्रकार दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, विधायक और अधिकारी हर रविवार अपने घर पर यह अभियान चलाएंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि पिछले साल दिल्ली के दो करोड़ लोगों ने मिलकर डेंगू को हराया था। आइए आज से डेंगू के खिलाफ़ अगले 10 हफ़्ते चलने वाली लड़ाई हम फिर से शुरू करें। उन्होंने कहा कि सुबह 10 बजे मैं अपने घर पर चेक करूंगा कि कहीं पानी जमा तो नहीं है। आप भी जरूर करना। हमें इस बार भी मिलकर डेंगू को हराना है।
इसके साथ केजरीवाल ने दिल्ली वालों से इस अभियान में जुड़ने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि 10 मिनट के लिए हमें अपने-अपने घर पर यह देखना है कि कहीं साफ पानी इकट्ठा तो नहीं हो रहा। घरों में रखे गमले, कूलर, फूलदान, सभी की अच्छे से जांच करनी है। अगर कहीं पर भी पानी जमा हो, तो उसे उड़ेल दें या तेल या पेट्रोल डाल दें। हमें हर हाल में मच्छरों के पनपने से रोकना है।
इस दौरान केजरीवाल ने आंकड़ा जारी करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी, उस दौरान दिल्ली में डेंगू के 15,867 केस आए थे और करीब 60 लोगों की मौत हुई थी। हमने 2019 में 10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट का अभियान चलाया और परिणाम स्वरूप सिर्फ 2036 केस ही आए और मात्र दो लोगों की मौत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल डेंगू के सबसे ज्यादा मामले एक सितंबर से 15 नवंबर के बीच आते हैं। इसलिए दिल्ली वालों को 10 हफ्ते, 10 मिनट देने हैं। एक तरह से 100 मिनट मांग रहे हैं। आपके 100 मिनट का मतलब पौने दो घंटे हैं। अपनी दिल्ली को डेंगू और चिकनगुनिया से बचाने के लिए पौने दो घंटे तो हर आदमी दे सकता है।
The post ‘10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार डेंगू पर वार’, केजरीवाल ने शुरू की मुहिम appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button