10वीं बार सीएम बनने के बाद नीतीश कुमार का पहला चंपारण दौरा

सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10वीं बार पद संभालने के बाद पहली बार पूर्वी चंपारण पहुंचे। उन्होंने जिले में पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीविका समूह की महिलाओं से संवाद कर दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि से शुरू किए गए उनके रोजगार के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। सीएम ने करीब साढ़े सत्रह करोड़ रुपये की लागत से केसरिया बौद्ध स्तूप परिसर में निर्माणाधीन कैफेटेरिया का भी जायजा लिया, जो पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाया जा रहा है।
इसके बाद उन्होंने राजपुर में निर्माणाधीन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया, जहां आशा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राजपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का आकलन किया।
इसके साथ ही उन्होंने मध्य विद्यालय, केसरिया परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर छात्राओं से शिक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इधर, आशा कार्यकर्ताओं और जीविका समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री से बातचीत कर उनका आभार व्यक्त किया।





