1 के बदले 3 शेयर फ्री बांट रही ये कंपनी, इस तारीख से पहले खरीदना होगा शेयर

भारतीय डायग्नोस्टिक्स सेक्टर की प्रमुख कंपनी, मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर लिमिटेड (Metropolis Healthcare Ltd) के निवेशकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। कंपनी पहली बार अपने शेयरधारकों को भारी-भरकम बोनस शेयर देने जा रही है। सोमवार, 16 मार्च 2026 को दोपहर 3:08 बजे तक, NSE पर कंपनी के शेयर ₹33.30 या (1.84%) की तेजी के साथ ₹1,841.90 पर कारोबार कर रहे थे। स्टॉक में पहले ही करेक्शन देखा जा चुका है और अब निवेशकों की नजरें आगामी रिकॉर्ड डेट पर टिकी हैं। कंपनी का मिडिल ईस्ट में भी बिजनेस है। तो इस बोनस इश्यू से जुड़ी सभी अहम जानकारियां विस्तार से जानते हैं।
बोनस शेयर का अनुपात कितना है?
कंपनी के बोर्ड ने फरवरी में अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के नतीजों के साथ ही इस बोनस इश्यू का ऐलान किया था, जिसे शेयरधारकों ने पोस्टल बैलेट के जरिए मंजूरी दे दी है। यह बोनस 3:1 के अनुपात में दिया जाएगा। इसका मतलब है कि 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक 1 पूर्ण चुकता (fully paid-up) इक्विटी शेयर पर निवेशकों को 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3 नए इक्विटी शेयर मुफ्त मिलेंगे।
रिकॉर्ड डेट और बोनस शेयर का क्या नियम है?
कंपनी ने इस बोनस इश्यू के लिए 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को ‘रिकॉर्ड डेट’ तय किया है। केवल वे शेयरधारक जिनके डीमैट खाते में इस दिन तक शेयर होंगे, वे ही बोनस के लिए योग्य माने जाएंगे। भारत में T+1 सेटलमेंट साइकिल लागू है। इसका मतलब है कि निवेशकों को रिकॉर्ड डेट से कम से कम एक कारोबारी दिन पहले शेयर खरीदने होंगे। अगर कोई निवेशक 20 मार्च (रिकॉर्ड डेट) के दिन ही शेयर खरीदता है, तो वे शेयर समय पर डीमैट खाते में नहीं आएंगे और वह व्यक्ति बोनस के लिए योग्य नहीं होगा। पात्र शेयरधारकों को बोनस शेयरों का आवंटन 23 मार्च 2026 को किया जाएगा।
शेयर की कीमत पर क्या असर होगा?
अक्सर निवेशक एक्स-बोनस (ex-bonus) के दिन शेयर की कीमत में भारी गिरावट देखकर घबरा जाते हैं, लेकिन यह सिर्फ कॉर्पोरेट एक्शन के बाद का एक गणितीय एडजस्टमेंट होता है। उदाहरण के तौर पर अगर आपके पास किसी कंपनी का 100 रुपये का 1 शेयर है, तो 3:1 बोनस के बाद आपके पास लगभग 25-25 रुपये के 4 शेयर हो जाएंगे।
शेयर की कीमत भले ही कम हो जाए, लेकिन आपके कुल निवेश की वैल्यू (100 रुपये) में कोई बदलाव नहीं आएगा। बोनस इश्यू को अक्सर कंपनी के मजबूत वित्तीय स्वास्थ्य और विकास की संभावनाओं के संकेत के रूप में देखा जाता है।
मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर के बारे में
मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी और अग्रणी डायग्नोस्टिक्स कंपनियों में से एक है। यह कंपनी न केवल भारत में, बल्कि दक्षिण एशिया, अफ्रीका और मीडिल ईस्ट में भी डायग्नोस्टिक सेंटर्स और पैथोलॉजी लैब्स की एक विशाल चेन संचालित करती है।





