हैवानियत पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा अमित शाह से कहा बस ये कानून पास करवा दीजिए

हैदराबाद में 27 साल की एक पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के बाद जली हुई लाश मिलने की खबर ने तेलंगाना ही नहीं बल्कि पूरे देश को हिला कर रख दिया। युवती के साथ हुई दरिंदगी की घटना से देश में आक्रोश है। वहीं अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट करके इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया। इसके साथ ही उन्होंने दुष्कर्म करने वालों के लिए फांसी मांग की। खेर ने देश के गृह मंत्री अमित शाह से दुष्कर्म करने वालों के लिए मौत की सजा दिए जाने का कानून लाने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि दुष्कर्म करने वालों को बीच चौराहे पर उल्टा लटका कर सीधा गोली मार देनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से गुजारिश करते हुए लिखा किगृह मंत्री के रूप में आपने काफी साहसिक निर्णय लिए हैं। दुष्कर्म करने वालों को तुरंत मौत की सजा हो जानी चाहिए। बस ऐसा एक कानून पास करवा दीजिए।
बता दें कि दिल्ली के निर्भया कांड की पुनरावृत्ति एक बार फिर हैदराबाद में दिखी है। हैवानियत की पराकाष्ठा पार करते हुए यहां आरोपियों ने एक महिला पशु चिकित्सक (27) के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे जिंदा जला दिया। इसके बाद अधजली लाश को पुल से नीचे फेंक दिया गया। जिस तरह निर्भया को मदद का भरोसा देकर बस में बैठा लिया गया था, उसी तरह मदद का झांसा यहां भी देकर इंसानियत को शर्मसार कर दिया गया।

पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कही थी ये बात

इस घटना के प्रकाश में आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर और उसके सहायक हैं। इस पशु चिकित्सक का शव शादनगर के बाहरी इलाके में हैदराबाद-बंगलूरू राजमार्ग पर बने एक पुल के नीचे बृहस्पतिवार को बरामद हुआ था।

इस पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा था कि बुधवार रात नौ बजकर 22 मिनट पर उसकी इस बड़ी बहन से बात हुई थी और उसने कहा था कि वह एक टोल प्लाजा के पास है और किसी ने उसकी स्कूटी के टायर की हवा निकली होने की बात कह कर मदद की पेशकश की थी। जब छोटी बहन ने दोबारा नौ बजकर 44 मिनट पर फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था। पीड़िता का शव टोल प्लाजा से 25 किलोमीटर दूर पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button