हेलो राइड कंपनी का चेयरमैन अभय कुशवाहा इस वक्त सऊदी अरब में

बाइक किराए पर लगाने का झांसा देकर 500 करोड़ रुपये से अधिक ठगकर भागी हेलो राइड कंपनी का चेयरमैन अभय कुशवाहा इस वक्त सऊदी अरब में है। यह चौंकाने वाली बात सामने आई गोमतीनगर इलाके से गिरफ्तार कर किए ठगी कंपनी के निदेशक व अभय के सगे छोटे भाई निखिल कुशवाहा से एसटीएफ की पूछताछ में।

उसने फरार अभय समेत कंपनी के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के बारे में जानकारियां दी हैं। विभूतिखंड पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। एसटीएफ के एसएसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि निखिल कुशवाहा मूलरूप से कौशांबी का है और यहां जानकीपुरम में 60 फिटा रोड स्थित जानकीविहार में रह रहा था।
वह बड़े भाई अभय कुशवाहा की कंपनी हेलो राइड में निदेशक के पद पर था। कंपनी का ऑफिस विभूतिखंड के साइबर हाइट्स टॉवर में था। अभय और निखिल ने बाइक किराए पर चलाने का झांसा देकर प्रदेश के विभिन्न जनपद के लोगों से 500 करोड़ रुपये से अधिक रकम बटोरी और भाग गए।





