हिमाचल और उत्तराखंड से लेकर यूपी-बिहार में IMD का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही बादलों ने आसमान को घेर लिया और तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया।
वहीं, बिहार में बाढ़ ने तबाही मचाई हुई हैं, जहां गंगा के किनारे बसे गांव पानी में डूब गए हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट है, तो हिमाचल में बादल फटने से नदियां उफान पर हैं। उत्तर प्रदेश में भी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जहां कई जिले जलभराव और बाढ़ की चपेट में हैं।
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। घने बादलों ने आसमान को ढक लिया। आलम ये था कि सुबह-सुबह राष्ट्रीय राजधानी में घना अंधेरा छा गया था।
मौसम विभाग का कहना है कि आज दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान 24°C से 34°C के बीच रहेगा। नमी का स्तर 68% से 85% तक रहेगा और हवा की रफ्तार 5 से 13 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।
बिहार में बाढ़ से परेशान लोग
बिहार में मानसूनी बारिश की वजह से बाढ़ आ गया है। गंगा नदी के किनारे बसे 10 जिलों में 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। पटना, भोजपुर, वैशाली, मुंगेर, भागलपुर जैसे जिले सबसे ज्यादा चपेट में हैं।
गोपालपुर के इस्माइलपुर-सैदपुर बिंदटोली में रिंग बांध टूट गया, जिससे गांव के दर्जनों घर नदी में समा गए। करीब 3,400 लोग बेघर हो गए हैं और पांच लोगों की जान चली गई। राहत और बचाव का काम जारी है, लेकिन हालात चिंताजनक हैं।
मौसम विभाग ने बिहार (Bihar Rain Today) में अगले कुछ दिनों तक बारिश की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से मानसून का असर और गहरा सकता है। खासकर 14 और 15 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है। लोगों से नदियों के किनारे न जाने की अपील की गई है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Cloudburst) में बुधवार शाम को कुल्लू और शिमला में बादल फटने से नदियां और नाले उफान पर आ गए। शिमला के फाचा के नांटी गांव में आधा बाजार पानी में डूब गया। कुल्लू के श्रीखंड और तीर्थन वैली में भी भारी नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले दो दिन सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तराखंड (Uttarakhand Rain) में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर जैसे जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, और लोगों से पहाड़ी रास्तों पर यात्रा न करने को कहा गया है। 16 और 17 अगस्त को भी बागेश्वर, नैनीताल, और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट है।
यूपी में झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश (UP Weather News Today) में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बस्ती जैसे शहरों में बुधवार शाम से बारिश शुरू हो गई।
मौसम विभाग ने 65 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, बरेली जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने का भी खतरा है। 20 से ज्यादा जिले पहले ही बाढ़ की चपेट में हैं, और बारिश से नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है।
लखनऊ और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
मुंबई, बेंगलुरु और अन्य शहरों का हाल
मुंबई (Mumbai Rain Forecast) में मानसून की बारिश ने ट्रैफिक को प्रभावित किया है। शहर में मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। बेंगलुरु में हल्की बारिश और ठंडक भरा मौसम रहेगा। कोलकाता (Kolkata Weather Today) में गर्मी और उमस के बीच हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। जयपुर और पटना में भी हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन मानसून पूरे देश में सक्रिय रहेगा।
देश के कई हिस्सों में बारिश राहत के साथ-साथ मुश्किलें भी ला रही है। बाढ़ और जलभराव से जूझ रहे इलाकों में प्रशासन अलर्ट पर है। लोगों से सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।