हाईवे पर टायर फटने से कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही डीसीएम पलट गई,तीन व्यापारियों की दबकर मौत

खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन चौराहे के पास हाईवे पर टायर फटने से कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही डीसीएम पलट गई। हादसे में डीसीएम व उसमें लदे लोहे के पाइपों में सात कपड़ा व्यापारी दब गए। डीसीएम व पाइप हटाने पर तीन कपड़ा व्यापारियों की मौत हो चुकी थी, जबकि चालक सहित चार घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया है।
गुरुवार भोर पहर कानपुर से लोहे के पाइप लादकर डीसीएम ट्रक प्रयागराज की ओर जा रहा था। ट्रक चालक सोनेलाल निवासी अथसराएं जनपद कौशांबी के साथ खलासी केबिन में बैठे थे। कपड़ों की गांठ के साथ फेरी लगाने वाले सात व्यापारी डीसीएम के के पीछे पाइप के ऊपर बैठे थे। खागा के कटोघन चौराहे से पहले अगला टायर फटने से डीसीएम पलट गई। लोहे के पाइप के नीचे 43 वर्षीय मुमताज निवासी तालेपुर जलालपुर प्रयागराज, 45 वर्षीय निसार अहमद निवासी फतूहा सराएं इनायत प्रयागराज, 42 वर्षीय शहजाद अहमद की दबकर मौत हो गई।
पुलिस ने क्रेन की मदद से डीसीएम को सीधा कराया पाइप के नीचे दबे घायल मो. इकरार निवासी सैदाबाद उतराव प्रयागराज, राजेंद्र प्रसाद निवासी मोहनगंज जनपद प्रयागराज, मो. जमीर निवासी अंजना चौराहा प्रयागराज व चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने घायल व्यापारियों व डीसीएम चालक को जिला अस्पताल भिजवाया है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक व्यापारियों के परिजनों को सूचना दी गई है। परिजन खागा सीएचसी व जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।





