हरियाणा सरकार का यू-टर्न: विकास बराला की एएजी पद पर नियुक्ति रद्द

हरियाणा सरकार ने सहायक महाधिवक्ता (एएजी) के पद पर नियुक्ति विकास बराला की नियुक्ति निरस्त कर दी है। अब वे एएजी के पद पर ज्वाइन नहीं कर सकेंगे। विकास बराला के खिलाफ पूर्व आईएएस की बेटी का पीछा करने व अपहरण की कोशिश का मामला चंडीगढ़ अदालत में विचाराधीन है। विकास बराला राज्यसभा सदस्य व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे हैं।

हरियाणा सरकार की ओर से 18 जुलाई को 95 से ज्यादा विधि अधिकारियों की सूची जारी की गई थी, जिनमें विकास बराला का भी नाम शामिल था। उन्हें दिल्ली स्थित एडवोकेट जनरल के दिल्ली कार्यालय में सहायक महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था।

उनकी नियुक्ति का नाम सामने आने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में छा गया। इस दौरान रिटायर्ड आईएएस ने इस पर आपत्ति जताते हुए सीएम को पत्र लिखकर विकास बराला की नियुक्ति को रद्द करने का अनुरोध किया था। पूर्व आईएएस की बेटी वर्णिका कुंडू ने भी सोशल मीडिया पर नियुक्ति के पीछे के नैतिक मानकों पर सवाल उठाया था। हालांकि विकास बराला ने एजी आफिस में अपना पद ग्रहण नहीं किया था। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार प्रवीण आत्रेय ने पुष्टि करते हुए कहा है कि हरियाणा सरकार ने विकास बराला की नियुक्ति निरस्त कर दी है। वे अब एजी आफिस का हिस्सा नहीं है।

Back to top button