हरियाणा के 6 जिलों में बारिश की संभावना, घर से संभलकर निकलें बाहर…

आज हरियाणा के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की ओर से केवल प्रदेश के 6 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। जिन जिलों में आज बारिश हो सकती है। उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल शामिल है। इन जिलों में हल्की व मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ उत्तर से थोड़ा नीचे मध्य भारत की तरफ कच्छ, कोटा, औरैया, सिद्धि, रांची, दीघा होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है, इसलिए 12 सितंबर तक मानसून की सक्रियता थोड़ी कम होने की संभावना है।

मदन लाल खीचड़ का कहना है कि हरियाणा के पश्चिमी क्षेत्र के जिलों, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर तथा दक्षिणी क्षेत्र के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल जिलों में आंशिक बादलवाही तथा कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश होगी।

8 सितंबर तक हरियाणा में औसतन 381.7 एमएम बारिश होनी थी लेकिन अब तक 563.3 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 48 प्रतिशत ज्यादा है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1076.4 एमएम दर्ज की गई जबकि सबसे कम बारिश सिरसा जिले में 346.2 एमएम हुई है।

Back to top button