हरिद्वार के शहर कोतवाली क्षेत्र में आटो और कार की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई नौ यात्री हो गए घायल

 शहर कोतवाली क्षेत्र में आटो और कार की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, नौ यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, शिव मूर्ति चौक के पास एक आटो और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक और एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।

मृतकों में ऑटो चालक मनोज कुमार (42 वर्ष) निवासी मोहल्ला कड़च्छ ज्वालापुर हरिद्वार और सत्या देवी (50 वर्ष) निवासी गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। शहर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि हादसे में राकेश कुमार, मंजू, विश्वदीप, तृप्ता देवी, सुनीता, आशा, गुरप्रीत सहित कुल 9 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायल यात्री होशियारपुर पंजाब के कस्बा गढ़शंकर के रहने वाले हैं। सभी ऑटो में सवार थे। गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को एम्स ऋषिकेश में रेफर किया गया है। 

Back to top button