स्वतंत्रता दिवस पर सीएम शिवराज का बड़ा ऐलान, मध्य प्रदेश में बनेगा राम वन गमन पथ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये राम वन गमन पथ और रामायण सर्किट का विकास करेगी।

भोपाल के मोतीलाल नेहरु स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये हम प्रदेश में राम गमन पथ, रामायण सर्किट, अमरकंटक सर्किट, तीर्थंकर सर्किट, मां नर्मदा परिक्रमा आदि का विकास करेंगे। इससे रोजगार भी पैदा होगा।

शिवारज सिंह चौहान ने रोज़गार उपलब्ध कराने के लिये प्रदेश में पर्यटन की अन्य गतिविधियां शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चंबल प्रोग्रेस वे के साथ-साथ नर्मदा नदी के किनारे के क्षेत्रों में नर्मदा एक्सप्रेस वे का विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी मध्य प्रदेश की जीवन रेखा है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्याओं के लिऐ नए सिरे से लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की जायेगी और इसके साथ ही प्रदेश के सभी सरकारी कार्यो का शुभारंभ कन्या पूजा के साथ होगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर वर्ष 2023 तक एक करोड़ घरों में पानी का नल कनेक्शन और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिये एकीकृत पोर्टल शुरू करने की भी घोषणा की।

Back to top button