स्वंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी नहीं लेंगी सम्मान, पेंशन न मिलने से है खफा
सीतापुर। महमूदाबाद के मीरानगर निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी ने पेंशन न मिलने से आहत होकर स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान न लेने का निर्णय किया है। उन्होने इसके लिये पीएम, सीएम सहित आला अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।
मीरानगर निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्यामनाथ सिंह की पत्नी कलावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिलाधिकारी को लिखे गए पत्र में कहा है कि मीरानगर गांव में 1932 से 1942 तक रोजाना आजादी का झंडा उठता था। ब्रिटिश हुकूमत इन पर जुल्म भी ढ़ाती रहती थी। मीरानगर गांव में सबसे ज्यादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी हैं। श्यामनाथ उन्ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में से एक थे।
उनके निधन के बाद मुझे पेंशन की आधी धनराशि मिल जाती थी किन्तु वह भी सरकार की ओर से बंद कर दी गई। प्रार्थना पत्र देने के बाद भी पेंशन शुरू नहीं की गई। वर्षों से 15 अगस्त और 26 जनवरी को मेरा सम्मान होता रहा है किन्तु पेंशन न मिलने से आहत होकर इस बार सम्मान नहीं लेने का निर्णय लिया है।





