कुल्लू बस हादसा: स्थिति का जायजा लेने कुल्लू अस्पताल पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर

कुल्लू जिले के बंजार बस हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय मासूम पवन दर्द से कहराते हुए मम्मी के पास जाने की जिद कर रहा है। हादसे के वक्त पवन अपनी मां शाढ़ी देवी की गोद में बैठा था। नौ महीने की गर्भवती शाढ़ी देवी अब इस दुनिया में नहीं है। जबकि पवन के मुंह से बार-बार मम्मा, मम्मा निकल रहा है।

अस्पताल में घायलों का कुशलक्षेम जानने पहुंचे मुख्यमंत्री भी जब बच्चे से मिले तो इसकी कहानी सुनकर वे भी भावुक हो गए। पवन के मुंह में अधिक चोट आई है और एक पैर भी चोटिल हुआ है। अस्पताल में उपचाराधीन पवन फिलहाल मौसी व मामा के साथ है, लेकिन उसे अपनी मां का इंतजार है। बंजार सड़क हादसे ने जहां सभी को झकझोर कर रख दिया है, वहीं पांच साल के मासूम पवन के सिर से मां का साया उठ गया है।

उसके पिता लेह में काम करने गए हैं। पिता को हादसे की सूचना दे दी गई है। जानकारी के अनुसार पांच वर्षीय पवन अपनी मां के साथ इसी बस से बंजार से घर की तरफ जा रहा था।
मां की गोद में बैठे पवन की जान बच गई लेकिन उसकी मां शाढ़ी देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शाढ़ी देवी गर्भवती थी और इसी माह घर में खुशियां आने वाली थी।

लेकिन हादसे में पूरे परिवार को ताउम्र का जख्म दे दिया है। फिलहाल पांच साल का मासूम पवन कुल्लू अस्पताल में उपचाराधीन है। मामा, मौसी के साथ अस्पताल के चिकित्सक भी बच्चे के स्वास्थ्य पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।





