यूपी चुनाव: रायबरेली और अमेठी में 13 फरवरी से चुनाव प्रचार करेंगी प्रियंका

लखनऊ: तमाम अटकलों को विराम देते हुए कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा 13 फरवरी से रायबरेली और अमेठी में 6 दिनों तक चुनाव प्रचार करेंगी। पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव में प्रियंका का हालांकि समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सूबे में कहीं भी संयुक्त रैली अथवा रोड शो करने का कोई इरादा नहीं है।स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मिलकर रैली और रोड शो कर रहे हैं। उन्होने बताया कि प्रियंका अपनी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से सूबे में चुनाव प्रचार का आगाज करेंगी। वह 13 से 15 फरवरी के बीच रायबरेली में रह कर मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में वोट डालने के लिये प्रेरित करेंगेी।

विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 24 फरवरी को डाले जाएंगे वोट

वाड्रा 16 तारीख को अमेठी के लिए रवाना होगी और अगले तीन रोज अपने भाई राहुल के संसदीय क्षेत्र में गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी। रायबरेली में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 24 फरवरी को वोट डाले जाएंगे जबकि अमेठी में 27 फरवरी को 5वें चरण में मतदान होगा। प्रियंका के प्रचार अभियान को अंतिम रूप देने के बावजूद अमेठी और रायबरेली में सपा और कांग्रेस के बीच प्रत्याशियों को लेकर उहापोह बनी हुयी है।

दोनों जिलों की कई सीटों पर दोनो दलों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में आमने सामने हैं। वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रियंका के चुनाव प्रचार करने के बावजूद अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस के पक्ष में मनमाफिक परिणाम नहीं आए थे। रायबरेली में कांग्रेस का खाता भी नही खुला था जबकि अमेठी में पार्टी के हिस्से में 5 मे से मात्र 2 सीटें आई थी।

Back to top button