सोमवार से अजबपुर फ्लाईओवर पर फर्राटा भरेंगे वाहन, सीएम रावत करेंगे उद्घाटन

अजबपुर फ्लाईओवर पर उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे। इसके बाद से फ्लाईओवर पर वाहन फर्राटा भरना शुरू कर देंगे। वहीं, आईएसबीटी के पास वाईशेप फ्लाईओवर का कार्य भी अंतिम चरण में है।
अजबपुर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। अब आईएसबीटी से रिस्पना पुल तक लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। बता दें, अजबपुर फ्लाईओवर की लागत करीब 70 करोड़ रुपये है। जिस कंपनी को ठेका दिया गया है, वह इसे करीब 50 करोड़ रुपये में बना रही है। ऐसे में विभाग को जो भी धनराशि बचेगी, उसे अन्य निर्माण कार्यों पर खर्च किया जाएगा। फोरलेन फ्लाईओवर की लंबाई करीब 900 मीटर है।
उधर, आईएसबीटी के पास वाई-शेप फ्लाईओवर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। इस महीने के अंत तक इसका कार्य भी पूरा होने की उम्मीद है। यह फ्लाईओवर चालू होने के बाद हरिद्वार रोड की तरफ से सहारनपुर-दिल्ली जाने वाला यातायात ऊपर से ही गुजर सकेगा। इससे आईएसबीटी पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।





