सोमवती अमावस्या पर मंडवा घाट पर गंगा में नहाते समय चाचा-भतीजे व एक बच्चे की डूबकर हुई मौत

सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा घाट पर गंगा में नहाते समय चाचा-भतीजे व एक बच्चे की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों के शव नदी से बाहर निकाले। हादसे के बाद से मृतकों के घरों पर कोहराम मचा है। 
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर भादर गांव निवासी रामसजीवन का 15 वर्षीय पुत्र पंकज अपने 12 वर्षीय भतीजे सोनू पुत्र हरदेव के साथ गंगा स्नान के लिए सोमवार सुबह मंडवा गंगा घाट गया था। घाट के किनारे निमियापुर मजरे ओझीपुर कटरा गांव निवासी 10 वर्षीय अजय कुमार पुत्र बल्देव व अन्य कई लोग स्नान के लिए खड़े थे। सोमवती अमावस्या होने की वजह से घाट किनारे काफी भीड़ थी। एक साथ कई बच्चे स्नान के लिए गंगा में कूद गए। नहाने के लिए कूदे बच्चों में कई तो बाहर निकल आए लेकिन पंकज, सोनू व अजय गहरे पानी में डूब गए।
घाट किनारे मौजूद लोगों ने देखा तो मदद के लिए आवाज लगाई पर कोई गंगा में नहीं कूदा। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक निशीकांत राय के साथ फोर्स पहुंचा। गोताखोरों की मदद से तीनों की तलाश शुरू की गई। अजय का शव आधे घंटे बाद ही नदी में मिल गया, जबकि पंकज व सोनू के शव खोजने में गोताखोरों को एक घंटे का समय लग गया। तीनों शवों के नदी से बाहर आते ही घाट किनारे चीख-पुकार मच गई। एसओ ने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।





