सीतापुर : शस्त्रधारी युवकों की फोटो हुई वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

सीतापुर। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है, जो जिले में लागू धारा 144 और कोरोना प्रोटोकाल के आदेशों की धज्जियां उड़ा रही है। यह फोटो फेसबुक पर किसी निलेश राजपूत द्वारा डाली गई हैं।

इनमें एक फोटो में कई युवक शहर की सड़कों पर तलवारें व अन्य हथियारों से लैस होकर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि एक अन्य फोटो में कुछ लोग सरेआम लाइसेंसी रिवाॅल्वर-पिस्टल लगाए हुए खड़े हैं। इस पोस्ट के साथ यह भी लिखा गया है कि शुक्रवार को जेलरोड पर किसी झगड़े के बाद 150 लोग एकत्रित हुए थे।

इस पूरे प्रकरण में पुलिस का रवैया ढुलमुल रहा। जब शहर कोतवाल टीपी सिंह से बात की गई तो उन्होंने इस प्रकार जानकारी होने से इनकार कर दिया। इस प्रकार की फोटो वायरल किए जाने के संबंध में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने बताया इस प्रकार की फोटो वायरल नहीं हो सकती है।

मामले को तूल पकड़ता देखकर पुलिस ने फिलहाल तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के संज्ञान में आते ही युवक ने उस पोस्ट को अपनी फेसबुक वाल से डिलीट कर दिया है। कोतवाल ने मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।

Back to top button