सिर्फ 3 मिनट में तय होगी LG चौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे की दूरी

नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से ग्रेनो स्थित एलजी चौक से नोएडा स्थित सेक्टर-146 /147 के रास्ते नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस-वे को जोड़ने योजना बनाई है। इस योजना के तहत एलजी चौक से 1200 मीटर की एक चार लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिस पर करीब 250 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। इसे दोनों प्राधिकरण 50-50 फीसद वहन करेंगे।

बता दें कि इस नये रूट की सर्वे रिपोर्ट आने के बाद दोनो प्राधिकरण ने मंगलवार को परियोजना को अधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इस मंजूरी के बाद अब उन लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ होने वाला है, जो दोनो शहरों के साथ-साथ एक्सप्रेस-वे के किनारे बसी सोसायटियों में रह रहे है। अभी एलजी चौक से सेक्टर-146/147 तक दूरी करीब 15 किलोमीटर है।

लोगों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर आने के लिए एलजी चौक, अमृतपुरम चौक, अल्फा चौक, परी चौक के जाम के झंझट से जूझना पड़ता है, लेकिन 1200 मीटर की चार लेन सड़क बनने के बाद यह दूरी दो से तीन मिनट में ही पूरी की जा सकेगी। एलजी चौक से सीधे लोग नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर आ जाएंगे।

हरनंदी पर एक पुल भी बनाया जाएगा

अधिकारियों का कहना है कि 1200 मीटर की सड़क चार लेन की होगी। इस सड़क के साथ-साथ हरनंदी पर एक 200 मीटर लंबे पुल का निर्माण भी होगा। जो सेक्टर-146 स्थित एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशन के पास निकलेगा। चूंकि स्टेशन 45 मीटर सड़क के किराने बना हुआ है, लिहाजा पर चार लेन सड़क को एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए उसके ऊपर से गुजारा जाएगा। एक्सप्रेस-वे के किनारे बनी दूसरी 45 मीटर रोड पर दो सर्विस रोड उतारी जाएंगी। एक सर्विस रोड सेक्टर-146 और दूसरी सेक्टर-147 की ओर निकल जाएंगी।

एलजी चौक से सीधे सेक्टर-146/147 को जोड़ने के लिए इस सड़क का निर्माण किया जाएगा। 1200 मीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई 60 मीटर होगी। बॉटम 45 मीटर का होगा। दो लेन की सड़क जाने व दो की आने के लिए बनेगी।

1200 मीटर सड़क को एलजी चौक से नोएडा स्थित सेक्टर-146/147 तक बनाने की मंजूरी

केके अग्रवाल (महाप्रबंधक (सिविल), नोएडा प्राधिकरण) का कहना है कि परियोजना का डिजाइन तैयार कराया जा रहा है। सर्वे का काम पूरा हो चुका है, परियोजना को दोनो प्राधिकरण की ओर से मंजूरी प्रदान की जा चुकी है। जमीन अधिग्रहण होने के साथ निविदा जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Back to top button