सर्दी-जुकाम रहेगा दूर और हड्डियां बनेंगी मजबूत, बस डाइट में शामिल करें स्पेशल ‘ग्रीन सूप’

सर्दी में गर्म सूप पीना सेहतमंद होता है। टमाटर सूप के अलावा, पालक और ब्रॉकली का सूप भी स्वादिष्ट और पौष्टिक होता है। पालक और ब्रॉकली का सूप बनाना काफी आसान होता है। यह सूप इम्युनिटी बढ़ाता है, खून की कमी दूर करता है और हड्डियों को मजबूत बनाता है। आइए जानें इसकी आसान रेसिपी।

सर्दी के मौसम में अक्सर कुछ गर्म पीने का मन करता है। ऐसे में सूप सबसे बेहतर विकल्प साबित होते हैं। घर पर सब्जियों से बने सूप स्वाद में तो लाजवाब होते ही हैं, साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। इसलिए सर्दी के दिनों में आपको अपनी डाइट में कुछ सब्जियों का सूप जरूर शामिल करना चाहिए।

हालांकि, आमतौर पर लोग टमाटर का सूप बनाना पसंद करते हैं, लेकिन पालक और ब्रॉकली का सूप भी उतना ही स्वादिष्ट होता है। साथ ही, पालक और ब्रॉकली सेहत को बेहतर बनाने में भी काफी मदद करते हैं। आइए जानें पालक और ब्रॉकली का सूप कैसे बनाएं।

सामग्री

पालक (साफ और कटा हुआ)- 2 कप

ब्रॉकली- 1 कप

प्याज (बारीक कटा हुआ)- 1 मध्यम आकार का

लहसुन (बारीक कटा हुआ)- 2-3 कलियां

तेल या मक्खन- 1 चम्मच

पानी या वेजिटेबल स्टॉक- 3-4 कप

नमक- स्वादानुसार

काली मिर्च पाउडर- ½ छोटा चम्मच

क्रीम (गार्निश के लिए)- 1-2 चम्मच

नींबू का रस- ½ छोटा चम्मच

बनाने की विधि

सबसे पहले एक पैन में तेल या मक्खन गरम करें। फिर इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन और प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।

अब पैन में कटा हुआ पालक और ब्रॉकली के फ्लोरेट्स डालें और इन्हें 1-2 मिनट तक चलाएं।

इसके बाद, पानी या वेजिटेबल स्टॉक और नमक डालकर मिलाएं। इसे ढक दें और मध्यम आंच पर 7 से 10 मिनट तक या ब्रॉकली के नरम होने तक पकाएं।

जब ब्रॉकली अच्छी तरह पक जाए, तो आंच बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद, इसे ब्लेंडर में डालकर एकदम चिकना पेस्ट बना लें।

पिसे हुए सूप को वापस पैन में डालें और इसमें काली मिर्च पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिलाएं। अगर सूप ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा और पानी या स्टॉक मिला सकते हैं।

सूप को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक गरम करें। इसके बाद गैस बंद कर दें और प्याले में निकालें और ऊपर से क्रीम और नींबू का रस डालकर सर्व करें।

पालक और ब्रॉकली सूप के फायदे

इम्युनिटी बढ़ाए- ब्रॉकली विटामिन-सी का एक बेहतरीन सोर्स है, जो मौसमी बीमारियों और सर्दी-जुकाम से लड़ने में मदद करता है। साथ ही, पालक और ब्रॉकली में विटामिन-ए और अन्य एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और इम्युनिटी को मजबूत करते हैं।

खून की कमी दूर करे- पालक में आयरन पाया जाता है। यह सूप हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे एनीमिया की शिकायत दूर हो सकती है।

हड्डियों को मजबूत बनाए- पालक और ब्रॉकली दोनों ही कैल्शियम और विटामिन-के से भरपूर होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी हैं।

Back to top button