समाजवादी पार्टी विवेकानंद जयंती पर निकालेगी साईकल यात्रा

लखनऊ। स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए आदर्श के प्रतीक है। कल यानि की रविवार 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर जहां एक तरफ़ प्रदेश सरकार राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन कर रहा है वही दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को साइकिल यात्रा निकालने का निर्देश दिया है।
समाजवादी पार्टी की तरफ से कल शुरू होने वाली साइकिल यात्रा शहीद स्थल काकोरी से शुरू होकर जनेश्वर मिश्र पार्क में समापन होगी। इसलिए समाजवादी पार्टी ने निर्णय लिया है कि 12 जनवरी 2020 को विद्यार्थी और नौजवान सैकड़ों की संख्या में रोजगार पाने और शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ‘समाजवादी साइकिल यात्रा’ में शामिल होंगे। इसमें ‘नहीं चाहिए एनपीआर, हमको चाहिए रोजगार‘‘ का मुद्दा प्रमुख होगा।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल एमएलसी द्वारा काकोरी में झण्डा दिखा कर साइकिल यात्रा को रवाना किया जाएगा और साइकिल यात्रा का समापन जनेश्वर मिश्र पार्क में विधान परिषद में नेता विरोधी दल श्री अहमद हसन एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी द्वारा साइकिल यात्रियों के अभिनन्दन के साथ होगा। अखिलेश का कहना है कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। छात्रों का उत्पीड़न हो रहा है। छात्र संघों का चुनाव न कराकर छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों के कार्यों में प्रशासनिक हस्तक्षेप बढ़ गया है।





