सबसे बड़े स्टेडियम में होगी सुपर-8 की तैयारी, जीत का चौका लगाने उतरेगी भारतीय टीम

पाकिस्तान पर जीत के साथ ही सुपर-8 में जगह बना चुकी सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम बुधवार को दुनिया के सबसे बड़े नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में अंतिम लीग मैच में नीदरलैंड्स के विरुद्ध उतरेगी। सुपर-8 में भारतीय टीम का सामना बड़ी टीमों से होगा और ऐसे में यह मैच अपनी कमियों को दूर करने का अंतिम अवसर होगा।

डच टीम के लिए यह मुकाबला किसी फीफा विश्व कप के मैच की तरह ही है क्योंकि सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में गत चैंपियन भारत का सामना करना ही बहुत बड़ी बात है। भारत के लिए फिलहाल बड़ी चिंता अभिषेक शर्मा का रन नहीं बनाना रहा है। पिछले डेढ़ साल में सीमित ओवरों के क्रिकेट में सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार हो चुके अभिषेक इस आईसीसी टूर्नामेंट में अब तक अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

पहले मैच में वह शून्य पर आउट हुए थे, फिर पेट के संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल सके। पाकिस्तान के विरुद्ध हाई वोल्टेज मैच में वापसी तो की, लेकिन दूसरी बार भी खाता नहीं खोल पाए।

हालांकि ईशान किशन की शानदार फार्म के चलते अभिषेक की विफलता से टीम को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। पाकिस्तान के विरुद्ध किशन की बेहतरीन पारी और गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन ने भारत को आसान जीत दिलाई लेकिन यह भी सच है कि अभिषेक की आक्रामक शैली ने पिछले महीनों में भारत को कई जीत दिलाई हैं और यह केवल समय की बात है जब वह फिर से विपक्षी गेंदबाजों पर कहर बरपाएंगे।

फिर भी आंकड़े चिंता बढ़ाते हैं। पिछली छह पारियों में चार बार शून्य पर आउट होना इस बात का संकेत है कि उन्हें पावरप्ले में अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने की जरूरत है। उनकी प्रतिष्ठा को देखते हुए विरोधी टीमें उनके खिलाफ विशेष तैयारी कर रही हैं। अभिषेक खुद भी मानते हैं कि उनके पास शॉट्स की बहुत बड़ी रेंज नहीं है और वह क्रीज के इस्तेमाल तथा फ्री फ्लोइंग बैट स्विंग से गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं।

अभिषेक पावरप्ले में खासतौर पर डीप कवर की दिशा में शॉट लगाना पसंद करते हैं। अमेरिका के विरुद्ध मैच से ही टीमों ने उस क्षेत्र में फील्डर तैनात करना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान ने भी डीप मिडविकेट और डीप कवर पर फील्डर लगाकर उन्हें सीमित करने की कोशिश की। सुपर-8 में जगह पक्की होने के कारण नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला अभिषेक के लिए फार्म में लौटने का सुनहरा मौका है।

हालांकि, भारत ने पाकिस्तान को आसानी से हराया, लेकिन दूसरे मैच में भी किशन के अलावा अन्य बल्लेबाजों में अपेक्षित आत्मविश्वास नजर नहीं आया। स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की परेशानी भी सामने आई है। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने अपनी विविधताओं से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था।

पाकिस्तान के विरुद्ध उस्मान तारिक और सैम अयूब भी असरदार रहे। हालांकि नीदरलैंड्स के स्पिनर आर्यन दत्त और वेन डर मर्व अनुभवी हैं, लेकिन उनकी गुणवत्ता भारतीय बल्लेबाजों के सामने उसी स्तर की नहीं मानी जा रही।

कुछ बदलाव होंगे

गेंदबाजी में भारत कुछ बदलाव कर सकता है। सुपर-8 से पहले प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह नई गेंद संभाल सकते हैं। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के खेलने की संभावना है। कुलदीप यादव को इस मैच में जगह मिलना मुश्किल है।

नीदरलैंड्स को मौजूदा चैंपियन के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश करने के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बड़ा सुधार करना होगा। उन्होंने नामीबिया पर जीत दर्ज की थी, लेकिन पिछले मुकाबले में अमेरिका से करारी हार झेली। भारत के लिए यह मुकाबला संयोजन मजबूत करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर है, जबकि नीदरलैंड्स के लिए यह विश्व चैंपियन के खिलाफ खुद को परखने का मंच होगा।

213 रन दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा के विरुद्ध चार विकेट के नुकसान पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बनाए थे। यह इस टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा है। हालांकि पिछले दो मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें 200 का आंकड़ा पार नहीं कर सकीं।

भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।

नीदरलैंड्स टीम

स्कॉट एडव‌र्ड्स (कप्तान), कोलिन एकरमैन, नोआ क्रोज, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, जैक लायन कैशेट, मैक्स ओ डाउड, लोगान वैन बीक, टिम वैन डेर गुगटेन, रुलोफ वेन डेर मर्व, पाल वैन मीकेरेन, साकिब जुल्फिकार।

Back to top button