संविदा शिक्षक ने किया आत्मदाह का प्रयास, नौकरी जाने के डर से उठाया कदम

सीतापुर। सरकार द्वारा संविदा शिक्षकों को कार्य मुक्त किये जाने के निर्णय का सर दिखने लगा है। करीब दस वर्षों से भी अधिक समय से कस्तूरबा गांधी विद्यालय पहला में तैनात एक संविदा शिक्षक ने मंगलवार की सुबह विद्यालय परिसर में मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। इससे साथी शिक्षकों में हड़कंप मच गया और आनन फानन में मिट्टी के तेल की पिपिया छीन कर फेंका गया। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और शिक्षक को समझा बुझाकर मामला शांत करवाया।

महमूदाबाद कोतवाली के बिलौली बाजार चैराहे से चंद कदमों की दूरी पर बिसवां मार्ग के किनारे कस्तूरबा गांधी विद्यालय पहला स्थित है। यहां पर सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बकहुंआ निवासी कुलदीप कुमार करीब दस वर्षों से संविदा शिक्षक के रूप में तैनात हैं। मंगलवार की सुबह शिक्षक रोज की भांति विद्यालय पहुंचा। जैसे ही यहां तैनात शिक्षक व अन्य कर्मी अपने-अपने काम मे व्यस्त हो गए, कुलदीप कुमार ने पहले से एक पिपिया में लाकर रखा गया केरोसीन आयल उठाकर अपने ऊपर उड़ेलना शुरू कर दिया।
कुलदीप कुमार को ऐसा करते देख शिक्षकों व कर्मियों में हड़कंप मच गया और दौड़कर केरोसिन की पिपिया छीन ली। वार्डेन विनीता गुप्ता द्वारा मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। बीईओ पहला श्रीकृष्ण प्रेमी, समंवयक बालिका शिक्षा शैलेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और शिक्षक को समझाकर शांत कराया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जानकारी ली है।
The post संविदा शिक्षक ने किया आत्मदाह का प्रयास, नौकरी जाने के डर से उठाया कदम appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button