संजू के घर में गरजा ईशान-सूर्या का बल्ला, अर्शदीप सिंह का ‘पंजा’; भारत ने 4-1 से जीती सीरीज

भारत ने पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में शनिवार को न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम की। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में दर्शक अपने घरेलू सितारे संजू सैमसन से बड़ी पारी की उम्मीद लगाए थे, लेकिन इस मैच में ईशान किशन का बल्ला जमकर गरजा।
ईशान किशन (103) की तूफानी बल्लेबाजी ने इस शाम को यादगार बना दिया। अपने करियर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ते हुए किशन ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर ऐसा कहर बरपाया कि भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में कीवी टीम फिल एलन (80) की आतिशी पारी के बाद भी 19.4 ओवर में 225 रन ही बना सकी।
संजू से थी बड़ी पारी की उम्मीद
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी के बजाए बल्लेबाजी करना चुना। घरेलू दर्शक संजू सैमसन की बड़ी पारी की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन उनका इंतजार एक बार फिर अधूरा रह गया। संजू सिर्फ छह रन बनाकर तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन का शिकार बने। यह इस सीरीज में उनका लगातार पांचवां असफल प्रदर्शन रहा, जिसने उनके टी20 विश्व कप के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।
अभिषेक शर्मा ने हालांकि 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दी, लेकिन फर्ग्यूसन की अतिरिक्त गति और उछाल के सामने वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 54 रन पर दो विकेट था और मैच अभी संतुलित स्थिति में दिख रहा था।
ईशान-सूर्य का धूम धड़ाका
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने पारी की पूरी तस्वीर बदल दी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 10 ओवर से थोड़ा अधिक समय में 137 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। किशन ने तेज हाथों और चुस्त फुटवर्क का शानदार नमूना पेश करते हुए मैदान के हर कोने में शा लगाए।
चौथा टी-20 चोट के कारण नहीं खेल पाने वाले किशन ने किसी भी तरह की जंग नहीं दिखाई। उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन के अतिरिक्त ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए। इसके बाद रन बरसात का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। किशन ने 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
सूर्या के 3000 रन पूरे
सूर्यकुमार यादव ने भी अपने अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 30 गेंदों पर 63 रन बनाते हुए चार चौके और छह छक्के लगाए और इसी दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे किए। हालांकि वह मिशेल सैंटनर की गेंद पर स्टंप होकर आउट हो गए। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद भी किशन का तूफान जारी रहा। उन्होंने लेग स्पिनर ईश सोढी के एक ओवर में 29 रन बटोरे, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल थे।
किशन ने महज 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। एक छक्के के साथ 97 पर पहुंचने के बाद अगली ही गेंद पर लगाए गए छक्के ने उन्हें तीन अंकों के जादुई आंकड़े तक पहुंचाया। शतक पूरा करते ही उन्होंने जोश में जश्न मनाया और हार्दिक पांड्या ने उन्हें गले लगाया।
किशन ने लगाया पहला शतक
किशन का शो तब खत्म हुआ जब वह जैकब डफी की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर कैच हो गए। उन्होंने 43 गेंदों पर 103 रन की यादगार पारी खेली, जिसमें छह चौके और दस छक्के शामिल थे। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने अंतिम ओवरों में 17 गेंदों पर 42 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को 250 रन के पार पहुंचा दिया। यह भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में चौथी बार था जब टीम ने 250 से अधिक रन बनाए।
ये जानना भी है जरूरी
42 गेंद में ईशान किशन ने शतक लगाया, जो न्यूजीलैंड के विरुद्ध सबसे तेज टी-20 शतक है।
13वीं बार तेज गेंदबाज के विरुद्ध आउट हुए संजू सैमसन 2025 से 16 पारियों में।
137 रन की साझेदारी हुई ईशान और सूर्य के बीच जो किसी भी विकेट के लिए न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी-20 में दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
इससे पहले रोहित और शिखर ने 2017 में पहले विकेट के लिए 158 रन जोड़े थे।
86 रन बनाए भारतीय टीम ने 11 से 15 ओवर के बीच जो किसी पूर्ण सदस्य देश के विरुद्ध दूसरा सर्वाधिक है।
2024 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध भारत ने इस दौरान 90 रन बनाए थे।
अर्शदीप ने पहले ओवर में किया शिकार
272 रनों के असंभव से लग रहे टारगेट को चेज करने उतरी न्यूजीलैंड को अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में झटका दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर सिंह ने टिम सीफर्ट को हार्दिक के हाथों कैच आउट कराया। टिम ने 3 गेंदों पर 5 रन बनाए। इसके बाद तो भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए। फिन एलन ने रचिन रवींद्र के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 100 रन जोड़ दिए।
20 रन में गंवाए 3 विकेट
मैच में वापसी कर रहे अक्षर पटेल ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर एलन का शिकार किया। रिंकू सिंह के सुरक्षित हाथों में एलन की पारी ने दम तोड़ा। एलन ने 38 गेंदों पर 80 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 6 छक्के लगाए। इसके बाद कीवी टीम ने सस्ते में अगले 3 विकेट गंवा दिए। 117 पर टीम के 2 विकेट गिरे थे, वहीं 137 के स्कोर पर आधी कीवी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
रिंकू ने एक ही ओवर में लिए 2 विकेट
11वें ओवर में अक्षर ने ग्लेन फिलिप्स (7) को कैच आउट कराया। इस कैच को भी रिंकू सिंह ने लपका। 12वें ओवर में तो अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी। इस ओवर में सिंह ने 2 शिकार किए। पहली गेंद पर उन्होंने रचिन रवींद्र (30) को चलता किया। तीसरी गेंद पर अर्शदीप ने मिचेल सेंटनर को कप्तान सूर्यकुमार के हाथों कैच आउट कराया। छोटी गेंद पर मिचेल (0) ने पुल शॉट लगाने का प्रयास किया, बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गेंद कवर की ओर गई। कप्तान ने कप्तान का कैच लेने में कोई गलती नहीं की।
15वें ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने बेवॉन जैकब्स (7) को बोल्ड किया। 16वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट चटकाकर टी20 इंटरनेशनल में पहला 5 विकेट हाल लिया। उन्होंने पहले काइल जैमीसन (9) और फिर डेरेल मिचेल (26) को बोल्ड किया। सिंह ने अपने कोटे के 4 ओवर में 51 रन दिए।
लॉकी फर्ग्यूसन (3) को अक्षर पटेल ने बोल्ड किया। आखिरी ओवर में रिंकू सिंह ने ईश सोढ़ी (33) को आउट कर पूरी कीवी टीम समेट दी। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 3 विकेट चटकाए। वरुण और रिंकू के खाते में 1-1 सफलता आई। जसप्रीत बुमराह काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 58 रन खर्च कर दिए। इस दौरान उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। हार्दिक पांड्या को विकेट का कॉलम भी खाली रहा।





