श्रीसंत ने बोला बीसीसीआई पर बड़ा हमला, कहा- जब वो वापसी कर सकते है तो मै क्यों नहीं?

पहले केरल हाईकोर्ट ने श्रीसंत से लाइफ बैन हटाया, फिर बीसीसीआई ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने का फैसला किया। बीसीसीआई के इस कदम के बाद श्रीसंत ने उस पर जमकर हमला बोला है। श्रीसंत ने अपने ट्विटर अकाउंट पर बीसीसीआई के खिलाफ एक के बाद एक तीन ट्वीट किये।
श्रीसंत ने अपने पहले ट्वीट में कहा, ‘बीसीसीआई, मैं तुमसे भीख नहीं मांग रहा हूं, मैं अपना हक मांग रहा हूं। बीसीसीआई भगवान से ऊपर नहीं है। मैं दोबारा जरूर खेलूंगा।
श्रीसंत ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, जो शख्स बेगुनाह साबित हो चुका है, उसके खिलाफ तुम(बीसीसीआई) बहुत गलत कर रहे हो, मुझे नहीं पता बोर्ड ऐसा क्यों कर रहा है?
इसके बाद श्रीसंत ने भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग के मामले पर दोहरी नीति का आरोप लगाया और ट्वीट किया, ‘अगर बीसीसीआई भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पॉलिसी रखता है तो चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स की वापसी क्यों हो रही है?’
श्रीसंत को बीसीसीआई ने आईपीएल 2013 स्पॉट फिक्सिंग मामले में बैन कर दिया था। सोमवार को केरल हाईकोर्ट की सिंगल जज बेंच ने श्रीसंत के ऊपर से लाइफ बैन हटा दिया था। हालांकि बीसीसीआई ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने का फैसला किया। बीसीसीआई के इस फैसले से अब श्रीसंत क्रिकेट के मैदान पर तुरंत वापसी नहीं कर पाएंगे। श्रीसंत ने टीम इंडिया के लिए 27 टेस्ट मैच, 53 वनडे और 10 टी20 मैच खेले हैं। श्रीसंत ने आखिरी बार अगस्त 2011 में टीम इंडिया के लिए अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था।





