‘ड्रीम गर्ल’ ने अखिलेश सरकार पर लगाया आरोप

मथुरा हिंसा पर स्थानीय सांसद और अदाकारा हेमा मालिनी ने ट्वीट कर राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला किया है। हेमा मालिनी के मुताबिक यूपी की अखिलेश सरकार को पहले ही अतिक्रमण को उखाड़ देना चाहिए था, लेकिन सरकार ने तब तक जहमत नहीं उठाई जब तक कि हाईकोर्ट ने आदेश नहीं दिया।हेमा मालिनी ने शासन-प्रशासन को सवालों के घेरे में लेते हुए निशाना साधा, उन्होंने ट्वीट में कहा कि करीब तीन हजार लोगों के पास हथियार थे, क्या इसकी भनक प्रशासन को नहीं थी? सब कुछ जानते हुए भी प्रशासन हालातों को काबू नहीं कर सका। हेमा मालिनी ने ये भी कहा कि बीजेपी इस मामले में सीबीआई जांच की मांग करती है।
मथुरा हिंसा को लेकर हेमा मालिनी खुद विवादों में फंसी हैं। हेमा पर आरोप है कि जिस वक्त मथुरा हिंसा की आग जल रहा था, उस वक्त हेमा अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थीं और हालातों से बेखबर अपने फैन्स के लिए शूटिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर रही थीं। हेमा मथुरा से ही बीजेपी सांसद हैं इसलिए विवाद गहराते देर नहीं लगी।





