शिक्षकों ने बीआरसी पर कंपोजिट ग्रांट में हिस्सा मांगने सहित अन्य कार्यों में वसूली करने का आरोप

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कंपोजिट विद्यालय जानकी नगर में बैठक की, जिसमें विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने बीआरसी पर कंपोजिट ग्रांट में हिस्सा मांगने सहित अन्य कार्यों में वसूली करने के आरोप लगाए तथा आक्रोश व्यक्त किया। वसूली को लेकर कमिश्नर व डीएम से मुलाकात करने का प्रस्ताव पास हुआ। इस बार रुपये मांगने वालों के नाम अफसरों को सौंपने की रणनीति बनाई गई है, जिससे संबंधित के विरुद्ध जांच हो।
परसपुर ब्लॉक अध्यक्ष आइपी सिंह ने कहा कि ब्लॉकों पर बहुत समस्या है। शिक्षकों से कंपोजिट ग्रांट के रुपये मांगे जा रहे हैं। खेल सामग्री, ड्रेस आदि खरीदने के लिए दुकानें बताई जा रही हैं। चिह्नित दुकान व व्यक्ति से सामान न लेने पर कार्रवाई करा देने की धमकी दी जाती है। गुणवत्ता जांचने के नाम पर मनमानी की जा रही है। बेलसर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि 2015 में नियुक्त हुए शिक्षकों के एरियर का भुगतान नहीं किया गया है। कोषाध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि लेखाधिकारी नहीं बैठते हैं। संविलयन प्रकरण में भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जिलाध्यक्ष आनंद त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बीएसए को अवगत करा दिया गया है। वसूली नहीं बंद हो रही है। राम चंदर तिवारी, मनोज मिश्र, राकेश यादव, सुभाष शुक्ल, कौशल ओझा, अमित, दुर्गा प्रसाद शर्मा, अफसर हसन, राज मंगल शुक्ल, अरुण तिवारी, देवनंदन तिवारी, धीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।





